नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क : India Spain naval visit : भारतीय नौसेना का प्रशिक्षण पोत आईएनएस सुदर्शनी 23 अप्रैल, 2026 को ‘लोकयान 26’ के तहत अपनी समुद्री यात्रा के दौरान स्पेन के लास पाल्मास पहुंचा। कैनरी द्वीप समूह में यह पड़ाव खास है, क्योंकि यह किसी भारतीय नौसैनिक पोत की इस द्वीप समूह की पहली यात्रा है। यह ठहराव पोत की महत्वाकांक्षी अटलांटिक पार यात्रा से पहले एक रणनीतिक विराम भी माना जा रहा है।
स्पेन में पहली ऐतिहासिक मौजूदगी
कैनरी द्वीप समूह में आईएनएस सुदर्शनी का आगमन भारतीय नौसेना की वैश्विक पहुंच को दर्शाता है। यह पहली बार है जब कोई भारतीय नौसैनिक पोत इस क्षेत्र में पहुंचा है, जिससे भारत और स्पेन के बीच समुद्री संबंधों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
नौसैनिक सहयोग और जनसंपर्क पर फोकस
इस प्रवास के दौरान पोत के कमांडिंग ऑफिसर स्पेनिश नौसेना अधिकारियों के साथ अहम वार्ताएं करेंगे। साथ ही, जनसंपर्क को मजबूत करने के उद्देश्य से पोत को स्थानीय स्पेनिश नागरिकों और भारतीय प्रवासी समुदाय के लिए भी खोला जाएगा, जिससे सांस्कृतिक और सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा मिलेगा।
कई देशों का दौरा कर चुका है पोत
जनवरी 2026 में कोच्चि से रवाना होने के बाद आईएनएस सुदर्शनी ने ‘वसुधैव कुटुंबकम’ का संदेश फैलाते हुए ओमान, मिस्र, माल्टा, फ्रांस और मोरक्को के बंदरगाहों का दौरा किया है। यह यात्रा भारत की समुद्री कूटनीति और वैश्विक संपर्क को मजबूत करने का अहम हिस्सा है।
अमेरिका में ‘सेल 250’ कार्यक्रम में होगी भागीदारी
आगे चलकर यह पोत लंबी अटलांटिक यात्रा पर निकलेगा और संयुक्त राज्य अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के तहत आयोजित ‘सेल 250’ स्मारक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए विभिन्न अमेरिकी बंदरगाहों का दौरा करेगा।
