मॉस्को,,डिजिटल डेस्क : यूक्रेन ने बुधवार को रूस के काला सागर के तट पर स्थित नोवोरोसिस्क बंदरगाह को निशाना बनाया। भीषण ड्रोन हमले में बंदरगाह परिसर के खाद्यान्न लादने वाले दो ठिकाने निशाना बने हैं। हमले से उन्हें भारी नुकसान हुआ है और उनका कामकाज रुक गया है। यूक्रेन के हमले में नोवोरोसिस्क में काला सागर के तट पर स्थित रूस के नौसैनिक अड्डे को भी नुकसान हुआ है। यूक्रेन के हमलों में दो रूसी नागरिकों की मौत हुई है। रूस विश्व में गेहूं का सर्वाधिक निर्यात करने वाला देश है और उसका ज्यादातर खाद्यान्न नोवोरोसिस्क बंदरगाह से विदेश भेजा जाता है। लेकिन अब यह निर्यात रुक गया है। रूस के बड़े खाद्यान्न कारोबारियों ने जुलाई में ही काला सागर से गुजरने वाले जहाजों पर यूक्रेन के हमलों के मद्देनजर गेहूं निर्यात रुकने की चेतावनी दी थी। इसका सीधा दुष्प्रभाव पश्चिम एशिया और अफ्रीका महाद्वीप के देशों पर पड़ने की आशंका है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उनकी सेना ने रूस के नोवोरोसिस्क में स्थित नौसैनिक अड्डे को ड्रोन, मिसाइलों और मानवरहित हमलावर नौकाओं से निशाना बनाया यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि उनकी सेना ने रूस के नोवोरोसिस्क में स्थित नौसैनिक अड्डे को ड्रोन, मिसाइलों और मानवरहित हमलावर नौकाओं से निशाना बनाया। यूक्रेन के क्रीमिया पर लगातार हमलों के बाद रूसी नौसेना ने अपने कई युद्धपोतों और सैन्य नौकाओं को वहां से नोवोरोसिस्क के नौसैनिक अड्डे पर भेज दिया था, यूक्रेन के ताजा हमले में रूस के कई युद्धपोतों और हमलावर नौकाओं को नुकसान होने की सूचना है। नोवोरोसिस्क के मेयर आंद्रेई क्रैवचेंको ने बताया है कि यूक्रेन के हमलों में चार व्यापारिक संस्थानों और दो दर्जन से ज्यादा आवासीय भवनों को नुकसान हुआ है। हमले के बाद शहर के आकाश के बड़े हिस्से पर काले धुएं के बादल देखे गए। नोवोरोसिस्क में खाद्यान्न निर्यात के ठिकानों के अतिरिक्त कच्चे तेल के निर्यात का भी विशाल ढांचा है। यहां पर अमेरिकी कंपनियों- शेवेरान और एक्सोन मोबिल की भागीदारी वाला कैस्पियन पाइपलाइन कंसोर्टियम का ठिकाना भी है लेकिन उस पर हमले की सूचना नहीं है। इस बीच यूक्रेन के जपोरीजिया शहर और बंदरगाह शहर ओडेसा पर रूस ने हवाई हमले किए हैं। जिन स्थानों पर हमले हुए हैं वहां पर आग लगने की सूचना है लेकिन उससे जान-माल के नुकसान का पता नहीं चला है। हमारे जहाज जब्त किए तो कड़ा जवाब : पुतिन रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने चेतावनी दी है कि यूरोप के देशों ने यदि रूसी मालवाही जहाजों को जब्त किया तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा। पुतिन ने यह बात यूक्रेन युद्ध रोकने के लिए रूस पर दबाव बनाने को यूरोपीय देशों की नई योजना को लेकर कही है। इस योजना के तहत यूरोपीय संघ (ईयू) के देश रूस के बेनामी जहाजों के बेड़े को जब्त करेंगे। ये जहाज रूस से अन्य देशों को कच्चे तेल और उत्पादों की आपूर्ति करते हैं। इससे पहले यूक्रेन युद्ध के साढ़े चार वर्षों में ईयू रूस के सैकड़ों मालवाही जहाजों पर प्रतिबंध लगा चुका है और कुछ जहाजों को जब्त कर उनके कर्मचारियों को गिरफ्तार कर चुका है। Post navigation Independence Day पर पतंग उड़ाने पर प्रतिबंध, DMRC ने जारी की एडवाइजरी बचपन की सहेलियां निकलीं सगी बहनें, डीएनए टेस्ट से खुला राज