saudiarb-pakistan-turkiye-news

इस्लामाबाद, डिजिटल डेस्क : हूतियों की चुनौती का सऊदी अरब, पाकिस्तान और तुर्किये साथ मिलकर मुकाबला करेंगे। सऊदी पर हूतियों के हालिया हमले के बाद तीनों देशों के शीर्ष रक्षा अधिकारियों ने मक्का रक्षा गठबंधन के तहत खाड़ी देश की रक्षा करने का संकल्प लिया है।

यह समझौता पिछले महीने हुआ था, जिसमें यह तय किया गया था कि अगर किसी एक देश पर सशस्त्र हमला होता है, तो उसे सभी पर हमला माना जाएगा।

रियाद में शुक्रवार को इन देशों के चीफ आफ डिफेंस फोर्सेस और चीफ आफ जनरल स्टाफ की बैठक हुई। उन्होंने सुरक्षा हालात और सऊदी अरब के सामने मौजूद खतरों की समीक्षा की। बैठक में शामिल लोगों ने सामूहिक रक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दोहराया।

साथ ही सऊदी अरब की सुरक्षा, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा के लिए तीनों देशों के संकल्प को प्रदर्शित किया। उन्होंने मक्का और आम नागरिकों व आर्थिक बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों पर नाराजगी जताई।

बैठक में शामिल लोगों ने तीनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग को और बढ़ाने तथा खुफिया जानकारी साझा करने, सैन्य तालमेल और क्षमताओं को एक साथ लाने के तरीकों पर भी चर्चा की। पाकिस्तानी सेना ने कहा कि रियाद में हुई यह बैठक उनकी रक्षा साझेदारी की मजबूती और मक्का संयुक्त रक्षा समझौते के तहत किए गए वादों को तुरंत असरदार सैन्य सहयोग में बदलने के उनके साझा संकल्प को दिखाती है।

पाकिस्तान ने पूर्व लेफ्टिनेंट जनरल नौमान महमूद को इस त्रिपक्षीय गठबंधन का पहला महासचिव नियुक्त किया।