Riyadh-airport-

रियाद,डिजिटल डेस्क : सऊदी अरब की राजधानी रियाद स्थित किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर शनिवार को एक बार फिर हमला हुआ। मिसाइल घरेलू उड़ानों के टर्मिनल तीन और चार वाले परिसर से टकराई, जिसमें कई लोग घायल हो गए। हमले के बाद हवाई अड्डे को खाली कराया गया और उड़ान संचालन निलंबित कर दिया गया।

घायलों की संख्या और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका सऊदी अरब के साथ मिलकर यमन में ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों के खिलाफ कार्रवाई करने पर विचार कर रहा है।

अधिकारियों ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर जानकारी दी, क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं थी। हमले के बाद घटनास्थल की ओर एंबुलेंस दौड़ती दिखाई दीं। हवाई अड्डे के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।

हूतियों ने इस सप्ताह सऊदी हवाई अड्डों, सैन्य ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों पर हुए हमलों की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, शनिवार के ताजा हमले पर हूतियों की तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। सऊदी अरब में हमलों में तेजी ऐसे समय आई है, जब सऊदी नेतृत्व वाला गठबंधन हूतियों के खिलाफ सैन्य अभियान चला रहा है।

24 घंटों में 225 उड़ानें रद

हाल के हमलों में तीन सऊदी नागरिकों की मौत भी हुई थी। उड़ानों पर भी इसका असर पड़ा है। उड़ान निगरानी वेबसाइट फ्लाइटअवेयर के अनुसार, रियाद हवाई अड्डे पर पिछले 24 घंटों में 225 उड़ानें रद हुईं।

फ्लाईदुबई, लुफ्थांसा समूह और पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस सहित कई कंपनियों ने सऊदी अरब के लिए अपनी उड़ानें अस्थायी रूप से निलंबित की हैं। अमेरिका ने अपने नागरिकों को एयरपोर्ट और उसके आस-पास के इलाकों से दूर रहने की सलाह दी है।

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद की उड़ानें रद करने की अवधि बढ़ाई

पीटीआई के अनुसार, सऊदी अरब में बदलते हालात के मद्देनजर एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने रियाद आने-जाने वाली उड़ानों का परिचालन रद रखने की अवधि बढ़ा दी है।

एअर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ानें 14 अक्टूबर तक, जबकि एअर इंडिया की उड़ानें 15 अक्टूबर तक रद रहेंगी। दोनों एयरलाइंस ने पहले 10 अक्टूबर तक उड़ानें रद करने की घोषणा की थी।

अधिकारियों के अनुसार, दोनों विमानन कंपनियां क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं और घटनाक्रम का आकलन कर रही हैं। प्रभावित यात्रियों को टिकट रद कराने पर पूरा रिफंड दिया जा रहा है। अकासा एयर ने भी रियाद की उड़ानें 11 अक्टूबर तक रद कर दी हैं।