kanpur-news

कानपुर, संवाददाता : Kanpur News : दीपावली पर मिठाइयों की मांग बढ़ते ही मिलावटखोरों ने दूसरे जिलों से खराब और बदबूदार खोया लाकर बाजार में खपाने की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दो अलग-अलग में करीब 22 क्विंटल बदबूदार खोया पकड़ा। फिरोजाबाद और इटावा से कानपुर में बिक्री के लिए लाए जा रहे खोये की अनुमानित कीमत 7.73 लाख बताई गई। गंदी बोरियों में खुले मालवाहक वाहनों से बिना तापमान नियंत्रण के खोया लाया जा रहा था। टीम ने तीन नमूने लेकर बाकी पूरा खोया कल्याणपुर स्थित कूड़ा निस्तारण प्लांट में नष्ट कराया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सूचना पर भौंती मोड़ में पिकअप को रोककर जांच की। इसमें 29 बोरियों में करीब 1150 किग्रा खोया मिला। इसकी कीमत लगभग 4.06 लाख रुपये आंकी गई। पूछताछ में गाड़ी पर बैठे आनंद और कप्तान सिंह ने बताया कि खोया फिरोजाबाद के शिकोहाबाद स्थित नगला मानसुख से लाया जा रहा था। गंदी बोरियों में खोया भरा था। बोरी खोली तो दुर्गंध आ रही थी। टीम ने दो नमूने लिए और पूरा खोया नष्ट करा दिया।

दूसरी टीम के अधिकारी सोमनाथ कुशवाहा और डॉ. देवेंद्र सिंह आजाद ने एक वाहन में करीब 1050 किग्रा खोया पकड़ा। इसकी अनुमानित कीमत 3.67 लाख रुपये बताई गई। पूछताछ में इटावा के बिरारी निवासी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि खोया वीरेंद्र का है। कानपुर में बिक्री के लिए लाया जा रहा था। जांच के दौरान खोये में दुर्गंध आ रही थी। टीम ने एक नमूना लेकर शेष खोया नष्ट करा दिया। तीनों नमूने प्रयोगशाला भेजे गए।

रिपोर्ट आने के बाद होगी कार्रवाई

सहायक आयुक्त खाद्य संजय प्रताप सिंह ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर मिलावटखोरों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाला खोया मिलावटी बाजार में खपाया जा रहा है। पैनी नजर रखी जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई होगी।