शिमला, ब्यूरो : हिमाचल में सोमवार सुबह धूप खिली रही, जबकि दोपहर बाद चोटियों बारालाचा, कुंजुम और रोहतांग में हल्का हिमपात हुआ। सुंदरनगर, भुंतर और सोलन में लू चली। शिमला सहित कुछ स्थानों पर बादल छाए।
मैदानी क्षेत्रों में भी बारिश न होने और तेज धूप के लगातार खिलने के कारण लू चल रही है। हालांकि, बादलों के कारण दिन के तापमान में कुछ स्थानों पर एक डिग्री सेल्सियस से अधिक का अंतर आया है। कुछ स्थानों पर गिरावट तो कुछ में वृद्धि दर्ज की गई है।
मौसम विभाग ने 10 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण ऊंचे क्षेत्रों में हिमपात और कुछ स्थानों पर वर्षा की संभावना जताई है। सुंदरनगर, भुंतर और सोलन में लू चलने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ 16 मार्च तक सक्रिय रहने का अनुमान है। इसका प्रभाव 11, 12, 14, 15 व 16 मार्च को अधिक रहेगा। इस दौरान ऊंचाई वाले स्थानों पर वर्षा और हिमपात की संभावना है। ऐसे में तापमान में गिरावट आने का अनुमान है।
इन दिनों न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से नौ और अधिकतम चार से 12 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश में अब कहीं पर भी पारा जमावबिंदु से नीचे नहीं है। सबसे कम तापमान कुकुमसेरी में 2.2 और सबसे अधिक ऊना में 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मार्च में बीते वर्ष 35 डिग्री सेल्सियस सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था।
