बड़वानी, संवाददाता : mp news :पानसेमल थाना क्षेत्र में एक महिला कुएं में कूद गई। रस्सी के सहारे महिला कुएं में लटकी रही। शोर मचाने पर ग्रामीण एकत्रित हुए। वहीं डायल-112 एवं पुलिस टीम की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से रेस्क्यू कर महिला की जान बचाई गई। पुलिस के अनुसार खड़की रोड स्थित एक कुएं में गिरी महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी अनुसार, डायल-112 वाहन में ड्यूटी पर तैनात पायलट संदीप पाटिल एवं प्रधान आरक्षक दिलीप वसावे को भरत राजपूत द्वारा सूचना दी गई कि एक महिला कुएं में रस्सी के सहारे फंसी हुई है। सूचना मिलते ही टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी पानसेमल श्री मंशाराम वगेन द्वारा अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा गया। मौके पर पुलिस स्टाफ ने ग्रामीणों के सहयोग से सूझबूझ का परिचय देते हुए खटिया में रस्सी बांधकर महिला का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
महिला की स्थिति सामान्य
रेस्क्यू के बाद महिला को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। महिला ग्राम गोंगवाड़ा निवासी बताई जा रही है। फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य है एवं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। थाना प्रभारी मंशाराम वगेन ने बताया कि पुलिस अधीक्षक बड़वानी पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले में आमजन की सुरक्षा हेतु निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
डायल-112 एफआरवी वाहनों को आधुनिक उपकरणों जैसे रस्सी, कटर, स्ट्रेचर आदि से सुसज्जित किया गया है, जिससे आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी सहायता प्रदान की जा सके। बड़वानी पुलिस की आमजन से अपील है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल डायल-112 पर सूचना दें, ताकि समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।
