agra-news

आगरा, संवाददाता : आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग के चलते एक प्रेमी युगल ने यमुना नदी में कूदकर जान देने का प्रयास किया। दोनों ने दुपट्टे से अपने हाथ बांधकर नदी में छलांग लगा दी, लेकिन स्थानीय गोताखोरों की सतर्कता और बहादुरी से दोनों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले आई।

कालिंदी विहार निवासी युवती शनिवार शाम करीब चार बजे बिना बताए घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला। इसके परिजन ने थाना ट्रांस यमुना में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे सूचना मिली कि युवती अपने सादाबाद निवासी प्रेमी के साथ यमुना नदी पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ने दुपट्टे से अपने हाथ बांधे और आत्महत्या के इरादे से नदी में छलांग लगा दी।

नदी में डूबते हुए दोनों को देखकर मौके पर मौजूद स्थानीय गोताखोर तुरंत पानी में कूद पड़े और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई । दोनों को अपने साथ थाने ले आई।

थानाध्यक्ष ने बताया कि दोनों की हालत सामान्य है। मामले में पूछताछ की जा रही है। परिजन को भी सूचना दे दी गई है। गोताखोरों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया।