Kanpur -wether-News

कानपुर , संवाददाता : Kanpur wether News : मौसम प्रणालियों के बदलते ही मानसून फिर सक्रिय हो गया है। 22 घंटों में सीएसए के मौसम विभाग की वेधशाला में 74.9 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा रात में भी बारिश होती रही। मौसम विभाग का अनुमान है कि अभी दो-तीन दिन और मानसून की सक्रियता रहेगी। इसके बाद फिर मौसम खुल जाएगा। फिर भी निम्न दबाव बनने पर हल्की से मध्यम बारिश स्थानीय स्तर पर होती रहने का अनुमान है।

सीएसए की मौसम वेधशाला में रविवार शाम सात बजे से सोमवार सुबह आठ बजे तक 62.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद शाम पांच बजे तक 12 मिमी बारिश हुई। इन 22 घंटों के दौरान कुल 74.9 मिमी बारिश हुई। शाम पांच के बाद फिर मौसम बदला और देर रात तक बारिश होती रही।

सीएसए के मौसम विभाग के नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि मानसूनी द्रोणी के जगह बदलने के प्रभाव से गंगा के मैदानी इलाकों में बारिश का सिलसिला शुरू हो गया। अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है।

माहौल में नमी का प्रतिशत 90 पार करते ही बादल बन जाते हैं और बारिश होने लगती है। दो-तीन दिन तक यह स्थिति बनी रहेगी। इसके साथ ही एक पश्चिमी विक्षोभ भी आया है। चक्रवाती हवा का क्षेत्र भी बना हुआ है।

तापमान
अधिकतम- 35 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम- 26.2 डिग्री सेल्सियस