मुंबई ,डिजिटल डेस्क: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर को हुई फायरिंग के मामले में दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल ने दो महिलाओं समेत चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान कुणाल (21), सुमित (19), राधा (23) और बबीता (23) के रूप में हुई है। दिल्ली पुलिस के अनुसार, इन चारों को अदालत में पेश किया गया। महाराष्ट्र पुलिस सीआईडी, मुंबई की टीम ने अदालत से हिरासत में पूछताछ और औपचारिक गिरफ्तारी की अनुमति मांगी, जिसे मंजूर कर लिया गया। इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर तीन दिन के ट्रांजिट रिमांड पर ले लिया। जांच में सामने आया है कि अनिल पंडित के निर्देश पर कुणाल ने अमृतसर से एक पिस्तौल और 20 कारतूस की व्यवस्था की थी। उसने राधा और बबीता को हथियार लेकर मुंबई भेजा। फायरिंग के बाद ये दोनों महिलाएं दिल्ली वापस लौट रही थीं, जिन्हें 20 अक्टूबर को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। कुणाल और सुमित को सोनीपत से गिरफ्तार किया गया। इससे पहले राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्हें मुंबई पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े अनिल पंडित के संपर्क और पूरी साजिश की जांच कर रही है। घटना 18 अक्टूबर की शाम जुहू में हुई थी, जिसमें टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे थे। उनके ड्राइवर समेत दो लोग घायल हुए थे। Post navigation मंगल पर NASA के रोवर ने बनाया नया रिकॉर्ड, अरबों वर्ष पुरानी चट्टानों का खोल रहा रहस्य कन्या भोज के लिए बुलाई गईं 7 बच्चियों से मारपीट, कपड़े उतरवाने का आरोप