Etah-news

एटा, संवाददाता : एटा के पिलुआ क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी लुटेरा वीरेंद्र मारा गया। मैनपुरी निवासी वीरेंद्र पर पांच जिलों में 53 मुकदमे दर्ज थे। पुलिस के अनुसार, वह लूट के मामले में वांछित था और चोरी की बाइक से जा रहा था।

एटा के पिलुआ थाना क्षेत्र में सुन्ना नहर के पास मंगलवार को पुलिस मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी लुटेरा वीरेंद्र मारा गया। वह मैनपुरी के हरचंदपुर का निवासी था। स्वाट और सर्विलांस टीम के साथ चेकिंग कर रही पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस उसे वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में ले गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वीरेंद्र अलीगंज थाने में दर्ज लूट के एक मामले में वांछित था। उसकी गिरफ्तारी पर पहले जनपद स्तर से 25 हजार रुपये और परिक्षेत्र स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। लगातार फरार रहने और न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करने पर अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन, एसके भगत ने इनाम की राशि बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दी थी।

वीरेंद्र का आपराधिक इतिहास लंबा था। उसके खिलाफ एटा, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद और आगरा कमिश्नरेट में कुल 53 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें हत्या, डकैती, लूट और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर मामले शामिल हैं। वह हिस्ट्रीशीटर भी था। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान वह चोरी की बाइक से आ रहा था। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।