Yemen-Saudi-Airstrikes-Hit-Hodeidah-Port-many-Injured-

सना, डिजिटल डेस्क : यमन में संघर्ष एक बार फिर तेज हो गया है। हूती विद्रोहियों के मुताबिक, सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने लाल सागर के पास स्थित हदीदा प्रांत में एक प्रमुख बंदरगाह और तेल सुविधा केंद्र को निशाना बनाकर हवाई हमले किए।

इन हमलों में कुल 7 लोगों के घायल होने की खबर है। हूती स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता अनीस अल-अस्बाही ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट के माध्यम से इस बात की जानकारी दी। 

रसा ईसा पोर्ट पर हमले में चार लोग घायल

मिली जानकारी के अनुसार, रास ईसा पोर्ट पर हुए हमलों में 4 नागरिक घायल हो गए। हूती टीवी चैनल अल-मसीरा के अनुसार, इस बंदरगाह पर एक जेट्टी और एक कमर्शियल जहाज को भी निशाना बनाया गया। इसके अलावा दूसरा बड़ा हमला बजील जिला में हुआ। यहां एक तेल सुविधा केंद्र पर हुए हमले में 3 अन्य लोग घायल हो गए।

हूती विद्रोहियों ने बताया युद्ध अपराध

इन हमलों से भड़के हूती गुट ने सऊदी गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। प्रवक्ता अनीस अल-अस्बाही ने कहा कि तेल के ठिकानों और महत्वपूर्ण बंदरगाहों पर ये बार-बार होने वाले हमले अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का खुला उल्लंघन हैं। यह यमन में नागरिकों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जा रहे युद्ध अपराधों की कड़ी में एक और इजाफा है।

गृहयुद्ध से घिरा यमन

गौरतलब है कि दुनिया के सबसे गरीब देशों में शुमार यमन में पिछले कई सालों से भयानक गृहयुद्ध छिड़ा हुआ है। एक तरफ ईरान समर्थित हूती विद्रोही हैं, तो दूसरी तरफ यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का समर्थन करने वाला सऊदी-नीत गठबंधन है, जिसके चलते यह क्षेत्र लगातार संघर्ष और तबाही का सामना कर रहा है।