kanpur-News

कानपुर, संवाददाता : KANPUR News : स्वास्थ्य विभाग को हस्तांतरित होने के एक साल बाद भी दक्षिण सरकारी अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं हो सकीं। इससे क्षेत्रीय लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए वीआरएस ले चुके डॉक्टर डॉ. शशिकांत मिश्रा ने बृहस्पतिवार से अस्पताल के गेट पर निशुल्क ओपीडी शुरू कर दी। उन्होंने पूजा-अर्चना के साथ नर सेवा नारायण सेवा केंद्र का शुभारंभ किया। इस दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीरें भी रखीं और अगरबत्ती जलाकर पूजा की।

केंद्र पर सोमवार से शुक्रवार तक सुबह 10 से दोपहर दो बजे तक मरीजों को निशुल्क चिकित्सा परामर्श दिया जाएगा। अस्पताल के विधिवत शुरू होने तक इसका संचालन जारी रहेगा। डॉ. मिश्रा ने बताया कि अस्पताल पूरी तरह तैयार है, लेकिन स्वास्थ्य सेवाएं शुरू नहीं होने से क्षेत्र के आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को परेशानी हो रही है। इसी को देखते हुए उन्होंने जनहित में यह पहल की है।

तबादले से आहत होकर लिया वीआरएस
डॉ. मिश्रा ने बताया कि दो महीने पहले वीआरएस के लिए आवेदन किया था, जिसमें एक नवंबर की तारीख दी थी। अब वीआरएस प्रभावी हो गया है। वह बलरामपुर जिला मेमोरियल अस्पताल में वरिष्ठ परामर्शदाता के पद पर तैनात थे। इससे पहले उर्सला में ब्लड बैंक प्रभारी रहे। उनका आरोप है कि नियमों के विरुद्ध उन्हें बलरामपुर भेज दिया गया। कई बार पत्र लिखने के बावजूद सुनवाई नहीं हुई और तबादला भी नहीं हुआ। इससे आहत होकर वीआरएस लेना पड़ा। अब शहर में रहकर समाजसेवा करेंगे।