अस्थि विसर्जन के बीच, ‘आई लव यू पापा’ लिखा कार्ड मासूम बेटी ने गंगा में किया प्रवाहित

prateek-yadav

हरिद्वार , संवाददाता : प्रतीक यादव की अस्थि विसर्जन के बीच सबसे भावुक पल तब आया जब उनकी मासूम बेटी ने अपने पिता के लिए प्यार भरा कार्ड गंगा में बहाया। इस दौरान हर किसी की आंख भर आई। 

पिता प्रतीक यादव के अस्थि विसर्जन के दौरान उनकी मासूम बेटी ने हाथ में एक कार्ड पकड़ रखा था। जिस पर लिखा था ‘आई लव यू’ और एक छोटा-सा दिल बना था। जैसे ही उसने कार्ड गंगा की धारा में बहाया, वहां मौजूद हर किसी की आंखें भर आईं। मां अपर्णा ने बेटी को अपनी तरफ बुलाया और सीने से लगा दिया। मासूम बेटी का अपने पिता के लिए यह अंतिम संदेश वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को हरिद्वार में पूरे विधि-विधान से विसर्जित की गईं, लेकिन सबसे मार्मिक पल बेटी का अपने पिता के लिए वह अंतिम संदेश था। मां गंगा की लहरों के बीच बेटी के हाथ में एक कार्ड था, जिस पर लिखा था आई लव यू पापा। दिल के निशान वाला वह छोटा-सा कार्ड जब उसने अपने पिता प्रतीक यादव की अस्थियों के साथ गंगा में प्रवाहित किया, तो वीआईपी घाट पर मौजूद हर आंख नम हो गई।

अस्थि विसर्जन के दौरान पत्नी अपर्णा यादव फूट-फूटकर रोई

अस्थि विसर्जन के दौरान पत्नी अपर्णा यादव फूट-फूटकर रोई। नम आंखों से अंतिम धार्मिक रस्में निभाईं। बेटी ने कलश को माथे लगाया। परिवार बेहद गमगीन नजर आया। अपर्णा यादव के पिता अरविंद बिष्ट और भाई अमन भी हरिद्वार पहुंचे थे। वीआईपी घाट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई थी।

समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव की अस्थियां शनिवार को गंगा में विसर्जित की गईं। प्रतीक यादव की अस्थियां लेकर परिवार हरिद्वार पहुंचा। वीआईपी घाट पर अस्थियां विसर्जित की गईं।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव की अस्थियां पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ मां गंगा में प्रवाहित की गईं। प्रतीक यादव की पत्नी अपर्णा यादव, बेटियां प्रथमा और पद्मजा और उनके साथ शिवपाल यादव के सांसद बेटे आदित्य यादव भी थे।

मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद यह दूसरा बड़ा दुखद समाचार है। राजनीतिक गलियारों में भी शोक की लहर है। कई बड़े नेताओं ने प्रतीक यादव के निधन पर दुख व्यक्त किया है। प्रतीक यादव दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे थे। उनकी मां साधना गुप्ता थीं। प्रतीक यादव की शादी अपर्णा यादव से हुई थी। वह राजनीति में सक्रिय नहीं थे। हालांकि, उनका परिवार राजनीतिक रूप से काफी प्रभावशाली है। उनके बड़े भाई अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं।

सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव (38) का बुधवार तड़के निधन हो गया था। वह विक्रमादित्य मार्ग स्थित आवास के किचन में सुबह करीब चार बजे अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद प्रतीक के नौकर ने सिविल अस्पताल में फोन किया। डॉक्टरों की टीम प्रतीक के घर गई। घर पर उनके शरीर में कोई हरकत नहीं हो रही थी। इसके बाद प्रतीक को सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।