Moscow : आतंकी हमलों से दहल उठा मास्को, 60 लोगों की मौत

MOSCOW-NEWS

मास्को, एएफपी : रूस की राजधानी मास्को शुक्रवार को आतंकी हमले से दहल गई। चार से पांच अज्ञात बंदूकधारियों ने शहर के व्यस्त क्राकस सिटी कंसर्ट हाल में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दिया। इस हमले में कम से कम 60 लोगों की मृत्यु हो गई और 145 से अधिक लोगों के घायल हो गए। वहीं, इस हमले की जिम्मेदारी कुख्यात आतंकी संगठन इस्लामिक स्टेट (IS) ने ली है। रूस में पहले भी कई आतंकी हमले हुए हैं। आइए जाने कब -कब हुए हमले-

1999 में अपार्टमेंट ब्लास्ट

दक्षिण पूर्वी मॉस्को में 13 सितंबर, 1999 को तड़के एक आठ मंजिला अपार्टमेंट में बम विस्फोट किया गया था, जिसमें 118 लोगों की मृत्यु हो गई थी। यह हमला अपार्टमेंट पर हुए पांच हमलों में से एक था, जिसमें मॉस्को और दक्षिणी रूस में दो हफ्ते की अवधि में कुल 293 लोग मारे गए थे और 1000 से अधिक लोग घायल हो गए थे। वहीं, रूस ने इस हमले के लिए चेचन्या के अलगाववादी आतंकवादियों को दोषी ठहराया। जबकि , चेचन्या के उस समय के राष्ट्रपति ने इससे इनकार किया था।

2002 का थिएटर बंधक
23 अक्टूबर 2002 को एक संगीत कार्यक्रम के दौरान चेचन्या विद्रोहियों के एक समूह ने मॉस्को के डबरोव्का थिएटर पर धावा बोल दिया। विद्रोहियों ने 800 से अधिक लोगों को बंधक बना लिया था । चेचन्या विद्रोहियों और सुरक्षाबलों के बीच यह गतिरोध दो दिन और तीन रात तक चला। इस दौरान सुरक्षाबलों ने हमलावरों पर काबू पाने के लिए थिएटर में गैस छोड़ दिया और हमलावरों पर धावा बोल दिया। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई में कुल 130 बंधकों की मृत्यु हो गई थी। ज्यादातर बंधकों की मृत्यु दम घुटने के कारण हुई थी।

2003: रॉक कॉन्सर्ट पर हमला

5 जुलाई 2003 को दो महिला आत्मघाती हमलावरों ने मॉस्को के पास तुशिनो हवाई क्षेत्र में एक रॉक कॉन्सर्ट के दौरान खुद को उड़ा लिया। इस आत्मघाती हमले में 15 लोगों की मृत्यु हो गई थी, जबकि 50 लोग घायल हुए थे। रूस ने महिला आत्मघाती हमलावरों की पहचान चेचन्या अलगाववादियों के रूप में की थी। जब यह हमला हुआ उस दौरान वार्षिक क्रिल्या (विंग्स) उत्सव में रूस के कुछ शीर्ष बैंडों को सुनने के लिए करीब 20,000 प्रशंसक आए थे।

2010 का मेट्रो आत्मघाती हमला
29 मार्च 2010 को दो महिला आत्मघाती हमलावरों ने मॉस्को मेट्रो में खुद को उड़ा लिया। इस आत्मघाती हमले में 40 लोगों की मृत्यु हो गई थी। हमलावरों ने एफएसबी खुफिया सेवाओं के मुख्यालय के बगल में लुब्यंका स्टेशन को निशाना बनाया था। रूस ने दोनों हमलावरों की पहचान दागिस्तान के अस्थिर उत्तरी काकेशस क्षेत्र से थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *