लखनऊ , संवाददाता : बार-बार करवट ले रहा मौसम आए दिन चौंका रहा है। शनिवार और रविवार को हुई बारिश के चलते प्रदेश में दो से तीन डिग्री की गिरावट महसूस की गई। सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं लेकिन सात व आठ अप्रैल को आंधी-तूफान के साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश की संभावान व्यक्त की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का नया दौर पश्चिमी उत्तर प्रदेश से सात अप्रैल को शुरू होगा जिसका असर आठ अप्रैल को पूरे प्रदेश में देखा जाएगा।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और निम्न क्षोभमंडल में पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर बने चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव प्रदेश के पश्चिमी एवं मध्यवर्ती भाग में रविवार को भी रहा। इस वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि इसके कमजोर पड़ने के साथ छह अप्रैल को प्रदेश के मौसम में आंशिक सुधार के कारण तापमान में मामूली बढ़त होगी।
नौ अप्रैल को होगा बड़ा बदलाव
आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सात अप्रैल से अगले पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश के पश्चिमी भाग से शुरू होगा। इसके बाद मध्यवर्ती भाग तक पहुंचेगा और 8 अप्रैल को पूरे प्रदेश को प्रभावित करने करेगा। नौ अप्रैल से इसके कमजोर पड़ने के दौरान तापमान में 3 से 5 डिग्री की प्रभावी गिरावट आएगी। इसके बाद 10 अप्रैल से प्रदेश का मौसम शुष्क हो जाने की संभावना है। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि शनिवार और रविवार को हुई बारिश की वजह से तापमान में गिरावट महसूस की गई। रविवार को दक्षिणी पश्चिमी और मध्य यूपी में बारिश हुई। इटावा में सबसे अधिक 30 मिमी बारिश दर्ज की गई। कानपुर व आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश हुई।
