Chandrayaan- 3 : चंद्रयान-3 की सफलता दुनिया में गूंजी, PM मोदी को बधाइयों का तातां

BLADIN-PUTIN

मास्को, एजेंसी : रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा, यूएई के उपराष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मकतूम सहित विश्व के कई नेताओं ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर भारत को बधाई दी। रूसी राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन की प्रेस सेवा ने कहा कि पुतिन ने भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर बधाई दी।

पुतिन ने PM मोदी को दी बधाई

पुतिन ने अपने संदेश में कहा कि यह बाहरी अंतरिक्ष की खोज और विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में भारत की प्रभावशाली प्रगति का साक्ष्य है। दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा ने भारत को चंद्रयान-3 के लिए बधाई दी और इसे ब्रिक्स के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताया। शेख मोहम्मद ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि चंद्रमा पर सफलतापूर्वक लैंडिंग करने के लिए भारतीय दोस्तों को बधाई। भारत ने इतिहास रच दिया है।

नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल प्रचंड बोले कि मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी और भारत की इसरो टीम को चंद्रयान-3 के चंद्रमा की सतह पर सफलतापूर्वक लैंडिंग करने के लिए बधाई देता हूं। ब्रिटिश विदेश मंत्री जेम्स क्लेवरली ने इसे एक ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सबसे पहले पहुंचने के लिए भारत को बधाई।

मालदीव के विदेश मंत्री अब्दुल्ला शाहिद ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि भारत ने इतिहास रच दिया है! एक दक्षिण एशियाई राष्ट्र और पड़ोसी देश होने के नाते हम चंद्रयान-3 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक उतरने से गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इसने खोज के नये क्षेत्रों के नये रास्ते खोले हैं। भारत में अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने पर भारत, इसरो और उनकी पूरी टीम को बधाई दी।

इजरायल, फ्रांस, जर्मनी के राजदूत व ब्रिटेन,आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्तों ने दी बधाई

इजरायल, फ्रांस, जर्मनी के राजदूत व ब्रिटेन,आस्ट्रेलिया के उच्चायुक्तों ने दी बधाई चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफलतापूर्वक लैंडिंग के बाद ईराइल, फ्रांस, जर्मनी, ब्रिटेन और आस्ट्रेलिया के दूतों ने बधाई दी। इजरायली दूत नाओर गिलोन ने इस उपलब्धि के लिए भारत और इसरो को बधाई दी और कहा कि इसने सभी को आश्चर्यचकित कर दिया है।ब्रिटिश उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने भी भारत को बधाई दिया और कहा ‘ जय हो’।

फ्रांसीसी दूतावास ने भी खुशी जताते हुए भारत के लोगों को बधाई दी। भारत में जर्मन दूत फिलिप एकरमैन ने इसे ‘ऐतिहासिक दिन’ बताते हुए भारत को बधाई दी। भारत में आस्ट्रेलियाई राजदूत फिलिप ग्रीन ने भी भारत को बधाई दिया और कहा कि इसरो की पूरी टीम इस पल को लाइव देख रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *