फेरों से पहले दुल्हन हुई नाराज, थाने में पंचायत से हुआ समझौता

LAKHIMPUR-NEWS

लखीमपुर खीरी, संवाददाता : लखीमपुर खीरी के गांव पकरिया में बृहस्पतिवार रात शादी समारोह में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया, जब दुल्हन ने शादी करने से इनकार कर दिया। काफी मान-मनौव्वल के बाद भी दुल्हन अपनी जिद पर लगातार अड़ी रही। इस पर दूल्हा और बराती थाने पहुंच गए। उन्होंने दुल्हन पक्ष के खिलाफ तहरीर दिया । पुलिस ने दुल्हन के पिता को बुलाया। थाने में पंचायत हुई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया। इसके बाद दुल्हन ने दूल्हे के साथ फेरे लिए।

थाना खमरिया क्षेत्र में गांव कलुआपुर निवासी राधेश्याम अपने पुत्र शिवकुमार की बरात लेकर गांव पकरिया निवासी दुलारे के यहां पहुंचे। बरात का स्वागत सत्कार हुआ। दूल्हा पक्ष के लोग एक लाख रुपये में मंगलसूत्र, पायल, झुमकी, कुंडल आदि जेवर लाए थे। 32 हजार रुपये के कपड़े भी थे। देर रात लगभग 12:00 बजे जेवर व सामान दुल्हन के पास भेजे गए, तब दुल्हन ने कम जेवर आने की बात कहते हुए शादी से मना कर दिया।

दुल्हन पक्ष के खिलाफ दिया तहरीर

दुल्हन के पिता व अन्य परिजन भी उसका पक्ष लेने लगे। इससे हंगामा शुरू हो गया। देर रात तक रिश्तेदारों और परिवार के लोगों में मनाने का दौर चलता रहा, लेकिन दुल्हन शादी न करने की जिद पर अड़ी रही। बात नहीं बनने पर शुक्रवार तड़के दूल्हा पक्ष खमरिया थाने पहुंच गया और दुल्हन पक्ष के लोगों के विरुद्ध लिखित तहरीर दे दी। सभी बराती भी थाने आ गए।

तहरीर मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। सुबह ही लड़की के पिता दुलारे को बुला लिया। दुलारे परिवार और अन्य रिश्तेदारों के साथ थाना खमरिया पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों में वार्ता हुई। दूल्हा पक्ष ने बाद में और जेवर बनवाकर देने की बात कही। इस पर दोनों पक्षों में समझौता हुआ। इसके बाद बरात फिर पकरिया गांव गई और भावरें समेत अन्य शादी की रस्में कराई गईं। शुक्रवार दोपहर में शादी संपन्न हुई। पुलिस कर्मी भी मौके पर उपस्थित रहे। शिवकुमार अपनी दुल्हन को विदा कराकर घर ले गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *