नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क : देशभर के कई राज्यों में जारी भीषण वर्षा के चलते बड़े पैमाने पर तबाही मची हुई है। ऐसे में जम्मू-कश्मीर के कई जिलों में शनिवार रात से जारी भारी वर्षा और छह जगह बादल फटने से भारी तबाही हुई। सबसे अधिक प्रभावित जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिले हुए। यहां नदी-नालों में बाढ़, भूस्खलन और मकान ढहने की घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो गई और करीब 12 लोग अब भी लापता बताए गए हैं। कई वाहन बाढ़ में बह गए। सैकड़ों सरकारी ढांचों, दुकानों और मकानों को भारी क्षति पहुंची है। कई सड़कें बह गई तो जिला मुख्यालयों से संपर्क कट गया हैं। राहत कार्यों में जुटा प्रशासन पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ, सेना और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं। राजौरी में बाढ़ में फंसे 11 लोगों और जम्मू में तीन युवकों को सुरक्षित निकाल लिया गया। खराब मौसम के चलते श्रीअमरनाथ यात्रा, माता वैष्णो देवी और शिव खोड़ी की यात्राएं स्थगित रहीं। इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से बात कर स्थित का जायजा जिया और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुंछ जिले में बाढ़ और भूस्खलन से एक मकान मलबे में दब गया। इसमें कुल आठ लोग रह रहे थे। पांच के शव निकाल लिए गए, जबकि तीन की तलाश जारी है। यहां कुल 11 लोगों की मौत व कइयों के घायल होने की सूचना है। राजौरी में बेला स्थित नए बस अड्डे पर खड़े कई वाहन तेज बहाव में बह गए। कई सरकारी ढांचे, दुकानें और मकान क्षतिग्रस्त हुए। एक महिला का शव बरामद किया गया। लद्दाख में बादल फटने से हालात खराब उधर लद्दाख के कारगिल में भी बादल फटने से अचानक आई बाढ़ से सड़कों पर मलबा जमा हो गया। कारगिल-जंस्कार राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच -301) कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गया है। कई निजी संपत्ति व पशुधन को भी नुकसान की सूचना है। उत्तराखंड में चारधाम, कैलास मानसरोवर यात्रा प्रभावित उत्तराखंड में लगातार हो रही वर्षा से चारधाम और कैलास मानसरोवर यात्रा बाधित हैं। कैलास मानसरोवर यात्रा मार्ग 36 घंटे बाद भी पूरी तरह बहाल नहीं हो सका है। सीमा सड़क संगठन मार्ग खोलने में जुटा है। यात्रियों से प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है। हिमाचल में बादल फटा, फसलों को क्षति हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय उपमंडल पांगी में रविवार सुबह बादल फटने से कई क्षेत्रों में भारी क्षति हुई। क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े नौ बजे बादल फटने से नकदी और अन्य मौसमी फसलों को क्षति पहुंची है। यहां पनियाले माता मंदिर के पास पहाड़ी दरकने से बंद हो गया। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय राजमार्ग रविवार सुबह भूस्खलन होने से बंद हो गया। Post navigation इस हफ्ते होगी जमकर वर्षा, देश का दो-तिहाई हिस्सा बादलों से रहेगा ढका IND vs ENG: रोहित शर्मा की सेंचुरी के बावजूद हारी टीम इंडिया