uttrakhand-news

झांसी ,संवाददाता : Jhansi news : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े उत्पीड़न और चार कंपनियों में निदेशक पद से हटाने के मामले में फरार चल रहे उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को उत्तराखंड पुलिस ने शनिवार को झांसी से गिरफ्तार कर लिया। वह पिछले कई दिनों से यहां अपने एक रिश्तेदार के घर पर छिपा हुआ था।

इसी मामले में उसके भतीजे सतेंद्र राठौर को भी एसआईटी ने बरेली के जोगी नवादा से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने रेखा आर्य के फर्जी हस्ताक्षर और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर उन्हें चार कंपनियों के निदेशक पद से हटाया और उनकी जगह सतेंद्र को निदेशक बना दिया।

एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर नौ सदस्यीय एसआईटी दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी। गिरधारी के झांसी में छिपे होने की सूचना मिलने पर टीम बृहस्पतिवार रात ही यहां पहुंच गई थी। सटीक सूचना मिलने के बाद शनिवार को उसे रिश्तेदार के घर से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के बाद टीम उसे अपने साथ देहरादून ले गई। पुलिस के मुताबिक, गिरधारी के खिलाफ हत्या समेत 44 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

एसएसपी ने बताया कि 15 अक्तूबर को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून की कैंट कोतवाली में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ तहरीर दी थी

एसएसपी ने बताया कि 15 अक्तूबर को कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने देहरादून की कैंट कोतवाली में पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ तहरीर दी थी। इसमें गाली-गलौज, मारपीट, जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने और जान से मारने की धमकी देने के भी आरोप लगाए गए थे।


मंत्री ने पति पर पूर्व में विवाहित होने के बावजूद उनसे विवाह करने का आरोप भी लगाया था। विवाद के दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी साझा की थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मारपीट, धमकी, धोखाधड़ी, जालसाजी, कूटरचित दस्तावेजों के इस्तेमाल, आपराधिक साजिश और एससी-एसटी एक्ट की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। अदालत से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद गिरधारी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी हुआ था। इसके बाद से एसआईटी उसकी तलाश कर रही थी।

पत्नी को मेरे जेल जाने में खुशी है तो यही सही : गिरधारी

गिरफ्तारी के बाद पुलिस हिरासत में मीडिया से बातचीत के दौरान गिरधारी लाल ने खुद को निर्दोष बताया। पत्नी रेखा आर्य की ओर से लगाए गए आरोपों पर उसने कहा, ””””मैं निर्दोष हूं। अगर पत्नी को मेरे जेल जाने में खुशी है तो मुझे कोई शिकायत नहीं।””””