इटावा, संवाददाता : चकरनगर ब्लॉक क्षेत्र के ददरा गांव में टंकी की पाइपलाइन लीकेज और नालियों का पानी मुख्य मार्ग पर भरने से ग्रामीणों का आना-जाना मुश्किल है। सड़क पर पानी भरने से रास्ता तालाब में तब्दील हो गया है। करीब दो हजार की आबादी को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में बनी पानी की टंकी की पाइप लाइन से लगातार पानी निकल रहा है। इसके अलावा कई घरों में लगे सबमर्सिबल पंपों से भी पानी की बर्बादी हो रही है। नालियों और सबमर्सिबल का पानी नीमडाडा निवासी किसान अशोक यादव के खेत में जा रहा था। पानी भरने के कारण उनका करीब चार बीघा खेत दो साल से बंजर पड़ा था। इससे परेशान किसान ने अब जेसीबी से खेत की ऊंची मेड़ बनवा दी है। इसके बाद पानी का रास्ता बाधित होने से गांव के मुख्य मार्ग पर जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है। मुख्य मार्ग पर पानी भरा होने से ग्रामीणों को निकलने के लिए रास्ता तलाशना पड़ रहा है। छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन स्कूल जाते समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं हुई नीमडाडा निवासी अशोक यादव ने बताया कि टंकी की पाइपलाइन से लगातार पानी निकल रहा है। जल निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग से कई बार शिकायत की, लेकिन पाइपलाइन सही नहीं कराई गई है। पानी भरने से खेत बंजर पड़ा है। मजबूरी में मेड़ बनवानी पड़ी है।—–ददरा निवासी राजाबाबू ने बताया कि गांव के मुख्य मार्ग पर पानी भरा होने से बुजुर्गों को निकलने में काफी परेशानी होती है। शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हो रही है। ददरा गांव के मुख्य मार्ग पर पानी भरने की शिकायत मिली है। इस समस्या के निस्तारण के लिए उन्होंने बीडीओ को निर्देश दिए हैं। जल्द ही समस्या का हल किया जाएगा। -रोहित कुमार मौर्य, एसडीएम चकरनगर पाइप लाइन से पानी निकलने की सूचना उन्हें मंगलवार को ही मिली है। इसके बाद विभागीय टीम को मौके पर भेजा गया है। अगर गांव में पानी लीकेज की समस्या है तो वह प्रधान के स्तर से सही कराया जाएगा। Post navigation गांधी उद्यान में 40 लाख रुपये से लगेगा झुमका और त्रिशूल, शहर को मिलेगी नई पहचान