Sahibabad-News

साहिबाबाद, संवाददाता : साहिबाबाद थाना क्षेत्र के अर्थला में किराये पर मकान लेकर उसे बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरु की है।

लाजपत नगर निवासी शिवांशु सिंह ने बताया कि उन्होंने संजय कॉलोनी अर्थला निवासी इंद्रजीत गिल से कॉलोनी में 50.45 लाख रुपये में मकान खरीदा था। मकान खरीदते समय उन्होंने सात लाख रुपये उसके खाते में ट्रांसफर किए थे।

शेष राशि के लिए बैंक से लोन लिया था। 22 अक्टूबर 2025 को इंद्रजीत गिल ने उनसे 16 हजार रुपये प्रतिमाह किराये पर घर ले लिया। विश्वास करते किराये पर घर देने के लिए वह रजामंद हो गए।

घर भी बेचा और कई बैंकों से लिए लोन

आरोप है कि कुछ माह तक उसने किराया दिया बाद में किराया देना बंद कर दिया। 27 मार्च 2026 को वह मकान पर ताला लगाकर चला गया।

28 मार्च को उन्हें जानकारी हुई कि मकान पर किसी महिला ने कब्जा कर लिया है। वह मकान पर पहुंचे तो पता चला कि मकान इंद्रजीत गिल ने उसे बेचा है।

उन्होंने पता लगाया तो जानकारी हुई कि इंद्रजीत गिल ने मकान पर कई बैंक से लोन भी ले रखे हैं। उन्होंने 28 मार्च को पुलिस से शिकायत की लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

अब उन्होंने पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत की। इसके बाद पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।