Manali Winter Carnival-2026 में एक साथ थिरकीं 596 महिलाएं

मनाली, संवाददाता : Manali Winter Carnival 2026: शुक्रवार को मनाली विंटर कार्निवल-2026 में होने वाली महानाटी के लिए रिहर्सल हुई। जिसमें 298 महिला मंडलों की 596 महिलाओं ने एक साथ नाटी डाली।

मनाली विंटर कार्निवल-2026 में होने वाली महानाटी के लिए शुक्रवार को ऊझी घाटी के महिला मंडलों की रिहर्सल हुई। 298 महिला मंडलों की 596 महिलाओं ने एक साथ नाटी डाली तो परिवेश कुल्लवी संस्कृति के रंग में रंग गया। पर्यटक भी नाटी देख झूम उठे। कार्निवल के दौरान दो दिन महानाटी का आयोजन किया जाएगा। इसमें एक दिन लेफ्ट बैंक तो एक दिन राइट बैंक की महिलाएं महानाटी में हिस्सा लेंगी।

शुक्रवार को मनाली के माल रोड पर महानाटी की रिहर्सल में ब्यास नदी के दोनों ओर यानी राइट और लेफ्ट बैंक की महिलाओं ने रिहर्सल में भाग लिया। सभी महिला मंडलों से दो-दो महिलाएं आमंत्रित की गईं थीं। गौरतलब है कि 20 से 24 जनवरी तक राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवल का आयोजन होगा। पिछले साल इस साल पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय लोगों की मांग पर कार्निवल की तिथि में बदलाव किया गया था। इस साल भी कार्निवल 20 से 24 जनवरी तक चलेगा। इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं।

कार्निवल में 21 को राइट बैंक और 23 जनवरी को लेफ्ट बैंक के महिला मंडलों की महानाटी होगी। रिहर्सल में सभी महिलाएं रंग-बिरंगे पट्टू और धाठू में नजर आईं। इस दौरान पर्यटकों ने भी महानाटी का लुत्फ लिया। पर्यटकों ने इस ऐतिहासिक पल को अपने मोबाइल में कैद किया और सेल्फी भी ली। कार्निवल की संस्कृति समिति के अध्यक्ष बालक राम ने महिलाओं को रिहर्सल करवाई। उन्होंने कहा कि दो दिन होने वाली महानाटी में विजेता रहने वाली महिलाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाएगा।

298 महिला मंडलों का हुआ पंजीकरण

विंटर कार्निवल की झांकी और महानाटी में भाग लेने के लिए इस साल 298 महिला मंडलों ने पंजीकरण करवाया है। पिछले साल 275 महिला मंडल ने इस उत्सव में भाग लिया था। महिला मंडल 20 जनवरी को शुभारंभ अवसर पर निकलने वाली झांकी में भाग लेंगी। इसके अलावा 21 को राइट बैंक और 23 को लेफ्ट बैंक के महिला मंडलों की महानाटी होगी। महानाटी में राइट बैंक के लिए तीन फूल वाला काले रंग का पट्टू और लेफ्ट बैंक के लिए तीन फूल वाला सफेद रंग का पट्टू पहनना होगा। इसके अलावा पुराने गहने भी नाटी में पहनने होंगे।