मेरठ, संवाददाता : राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच एनसीआरटीसी ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा कदम उठाया है। दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर बुधवार चार नवंबर से 20 अतिरिक्त ट्रेन ट्रिप्स शुरू की जाएंगी। ये ट्रेनें दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे कॉरिडोर पर संचालित होंगी। अतिरिक्त सेवाएं शुरू होने से यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक विकल्प मिलेंगे। साथ ही निजी वाहनों के इस्तेमाल में कमी लाने में भी मदद मिलेगी।एनसीआरटीसी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से वायु गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। दिल्ली का एक्यूआई 397 तक पहुंच गया है, जो बेहद चिंताजनक स्थिति है। वहीं, नमो भारत कॉरिडोर के आसपास स्थित गाजियाबाद और मेरठ में भी वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है। प्रदूषण की रोकथाम के लिए दिल्ली में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का दूसरा चरण लागू किया गया है। इसके अलावा एक नवंबर से कुछ श्रेणियों के वाहनों के दिल्ली में प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगाया गया है। ऐसे में नमो भारत की अतिरिक्त ट्रेन सेवाएं यात्रियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करेंगी। इससे सड़कों पर वाहनों का दबाव और प्रदूषण कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है। कई परिवहन साधनों से जुड़ा है नमो भारत नमो भारत कॉरिडोर को यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस अड्डों और सिटी बस सेवाओं से जोड़ा गया है। सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध है। इससे यात्री एक परिवहन साधन से दूसरे साधन में आसानी से सफर कर सकते हैं। इसके अलावा स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है। नमो भारत कनेक्ट एप के माध्यम से यात्री टिकट बुक करने से पहले पार्किंग की उपलब्धता की जानकारी लाइव प्राप्त कर सकते हैं। इससे यात्रा की योजना बनाने में आसानी होगी।एनसीआरटीसी का कहना है कि यात्रियों की जरूरत और बढ़ती मांग के अनुसार ट्रेन परिचालन में लगातार सुधार किया जा रहा है। 20 अतिरिक्त ट्रिप्स शुरू होने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रियों को राहत मिलने के साथ ही पर्यावरण के अनुकूल सार्वजनिक परिवहन को भी मजबूती मिलेगी। Post navigation PNB घोटाले में मास्टरमाइंड दीपांशी साथी संग गिरफ्तार आजम खां के बाद अब परिजनो पर कसेगा ईडी का शिकंजा ! मनी लॉन्ड्रिंग में ट्रस्ट भी हुआ शामिल