बरेली, संवाददाता :बरेली में एक युवती ने अपने पति के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पति और ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। यह भी कहा कि पति ने शादी से पहले वृंदावन में रहने का वादा किया था। बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। वह उसे छोड़कर दिल्ली भाग गया।
बरेली में एक युवती ने अपने पति के खिलाफ बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पति और ससुरालवालों पर दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाया। यह भी कहा कि पति ने शादी से पहले वृंदावन में रहने का वादा किया था। बाद में वह अपने वादे से मुकर गया। वह उसे छोड़कर दिल्ली भाग गया।
शहर के संजय नगर निवासी देवकी ने बारादरी इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय को बताया कि वह कृष्ण भगवान की भक्त है। इसके कारण उन्होंने शादी से पहले वृंदावन रहने की शर्त रखी थी। इसी शर्त पर ही नई दिल्ली के उत्तमनगर निवासी राहुल शर्मा से उनका वृंदावन में ही विवाह हुआ। विवाह के बाद 13 दिन राहुल पत्नी देवकी के साथ वृंदावन में रहा और फिर उनको लेकर दिल्ली चला गया। देवकी ने आरोप लगाया कि पति राहुल शराब पीकर आता था और उनकी पिटाई करता था।
उनकी शादी में परिजनों ने लगभग पांच लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान व अन्य उपहार दिए थे, बावजूद पति राहुल, सास लक्ष्मी, ससुर अशोक शर्मा और ननद हर्षिता उनसे दहेज में दो लाख रुपये और मांगने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर मई 2025 को उन्हें पीटकर घर से निकाल दिया। बारादरी थाने में देवकी ने इन लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
डिलीवरी ब्वॉय है पति
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति दिल्ली में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है और वृंदावन स्थित मकान में ताला लगाकर अब दिल्ली में ही रह रहा है। घर से निकाले जाने के बाद पति ने उससे कोई संपर्क नहीं किया। उसकी कॉल तक रिसीव नहीं करता है और उसका मोबाइल नंबर ब्लैकलिस्ट में डाल दिया है।
