Bangal-News

कोलकाता, संवाददाता :  बंगाल के सीमावर्ती उत्तर 24 परगना के दैनिक उपनगरीय यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने मौजूदा सियालदह-बारासात एसी ईएमयू लोकल सेवा का विस्तार भारत-बांग्लादेश की सीमा के पास बनगांव जंक्शन तक करने का निर्णय लिया है।

विस्तारित सेवा 20 अगस्त 2026 से शुरू होगी। सियालदह मंडल द्वारा रविवार को एक बयान में बताया गया कि इससे बनगांव और आसपास के क्षेत्रों से कोलकाता आने-जाने वाले यात्रियों को वातानुकूलित और अधिक आरामदायक रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।

ट्रेन संख्या 33449 अप सियालदह-बनगांव एसी ईएमयू लोकल सियालदह से सुबह 10:33 बजे रवाना होगी और दोपहर 12:23 बजे बनगांव पहुंचेगी। रास्ते में बारासात, बामनगाछी, दत्तपुकुर, बीरा, अशोकनगर रोड, हाबरा, मसालंदापुर, गोबरडांगा, ठाकुरनगर और चांदपाड़ा समेत प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव होगा। यह सेवा सोमवार से शनिवार तक चलेगी, जबकि रविवार को उपलब्ध नहीं होगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 33442 डाउन बनगांव–सियालदह एसी ईएमयू लोकल बनगांव से दोपहर 12:35 बजे रवाना होगी। संशोधित समय के अनुसार यह बारासात से दोपहर 1:40 बजे, मध्यमग्राम से 1:46 बजे, बिराटी से 1:54 बजे, दमदम कैंट से 2 बजे, दमदम जंक्शन से 2:05 बजे और बिधाननगर रोड से 2:10 बजे चलेगी तथा दोपहर 2:25 बजे सियालदह पहुंचेगी।

एसी सेवा के विस्तार के कारण ट्रेन संख्या 33365 अप बारासात–बनगांव लोकल के समय में भी बदलाव किया गया है। 20 अगस्त से यह ट्रेन बारासात से सुबह 11:40 बजे रवाना होगी, जबकि पहले इसका प्रस्थान समय 11:30 बजे था।

सियालदह मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना ने कहा कि यात्रियों की सुविधा और आराम रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है। बनगांव तक एसी लोकल का विस्तार क्षेत्र के दैनिक यात्रियों की बढ़ती मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।