UP : एसटीफ की मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी माफिया विनोद ढेर

UP-NEWS

सुल्तानपुर, संवाददाता : यूपी एसटीफ ने गोरखपुर के कुख्यात माफिया विनोद उपाध्याय को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। कहा जा रहा है कि गुरुवार की रात सुल्तानपुर में एसटीफ और माफिया के बीच जबरदस्त मुठभेड़ शुरू हो गई, जिसके कारण पुलिस की जवाबी कार्रवाई में माफिया विनोद उपाध्याय ढेर हो गया। विनोद उपाध्याय के सिर पर गोरखपुर पुलिस ने एक लाख रुपये इनाम रखा था। पुलिस को जमीन कब्जाने, हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई मामलो में तलाश थी।

विनोद उपाध्याय पुत्र रामकुमार उपाध्याय मूल रूप से मायाबाजार थाना महाराजगंज, अयोध्या का रहने वाला था। अपराध की दुनिया का बड़ा नाम और उत्तर प्रदेश के टॉप 61 माफिया की सूची में सम्मिलित माफिया विनोद कुमार उपाध्याय पर एडीजी जोन गोरखपुर ने एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। गुरुवार की रात बदमाश विनोद उपाध्याय और एसटीएफ के मध्य सुल्तानपुर के थाना कोतवाली देहात क्षेत्र में मुठभेड़ हुई।

जिसमें विनोद उपाध्याय गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसको इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर लाया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। अभियुक्त विनोद के ऊपर कुल 35 मुकदमें विभिन्न जिलों के भिन्न-भिन्न थानों में दर्ज हैं, जिसमें हत्या व हत्या के प्रयास के कई मुकदमें भी सम्मिलित हैं। प्रदेश के बड़े माफियाओं में विनोद उपाध्याय का नाम सम्मिलित था। पुलिस अन्य विधिक कार्यवाही में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *