वंदे भारत में ‘कीड़े’ मिलने के बाद एक्शन, DRM ने खुद परखा खाने का स्वाद

mp-news

भोपाल, संवाददाता : हाल ही में वंदे भारत एक्सप्रेस में परोसे गए खाने, खासकर दही में कीड़े मिलने की शिकायत सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन सतर्क हो गया है। इसी क्रम में भारतीय रेलवे के भोपाल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने वंदे भारत और शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेनों में व्यापक निरीक्षण कर यात्री सुविधाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से झांसी के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस में फुटप्लेट निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोको पायलट के साथ संरक्षा मानकों का बारीकी से अवलोकन किया और यात्रियों से सीधे संवाद कर खाने-पीने सहित अन्य सुविधाओं पर फीडबैक लिया।

खानपान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान

हालिया घटना को देखते हुए खानपान की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यात्रियों को स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए।

रनिंग रूम की सुविधाओं का भी लिया जायजा

इसके बाद झांसी में रनिंग रूम का निरीक्षण कर लोको पायलट और रेलवे स्टाफ को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया गया। मंडल रेल प्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्रू के लिए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि संचालन पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।

समयपालन और सुरक्षा पर जोर

वापसी के दौरान शताब्दी एक्सप्रेस से रानी कमलापति स्टेशन तक निरीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रेन संचालन, समयपालन तथा यात्री सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया। स्पष्ट निर्देश दिए गए कि यात्रियों की सुरक्षा, समय पर संचालन और खानपान की गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।