Maha Shivratri 2024 : महाशिवरात्रि पर उमड़ा भक्तों का सैलाब

JAMMU-NEWS

जम्मू, संवाददाता : महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिरों का शहर जम्मू महादेव के रंग में रंग चुका है। शहर के विभिन्न शिवालयों को फूल-मालाओं और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया है, जो अपने खूबसूरती से शिव भक्तों को सम्मोहित कर रहे हैं। आधी रात के बाद से ही भगवान शिव के दर्शन के लिए कई मंदिरों के बाहर लंबी कतारें लगना शुरू हो गई। हर ओर हर हर महादेव के जयघोष गूंजते हुए सुनाई दे रहे हैं।

शहर के ऐतिहासिक श्री रणबीरेश्वर मंदिर, पंजवक्त्र महादेव मंदिर, पीरखो मंदिर, आपशंभू मंदिर और अन्य शिवालयों में शुक्रवार रात से ही भगवान शिव की पूजा शुरू की जा रही है। महाशिवरात्रि पर मंदिरों में आने वाले शिवभक्तों की बढ़ती हुई संख्या को देखते हुए मंदिरों के कपाट सुबह भोर में ही खोल दिए गए।

शिव भक्तों को कोई परेशानी नहीं हो इसके लिए मंदिरों की ओर जाने वाली सड़कों पर भी लाइटों की व्यवस्था की गई। महाशिवरात्रि का त्योहार पूरे शहर में शुक्रवार को धूमधाम से मनाया गया है।

ऐतिहासिक श्री रणबीरेश्वर मंदिर की भव्य सजावट

शहर के ऐतिहासिक श्री रणबीरेश्वर मंदिर को महाशिवरात्रि पर भव्य तरीके से सजाया गया है। मंदिर की सजावट देखते ही बन रही है। मंदिर के पुजारी बलवंत शास्त्री ने कहा कि महाशिवरात्रि पर मंदिर में रात को चार पहर की पूजा की जानी है। पूजा रात दस बजे से शुरू हुई है। भक्तों के लिए मंदिर के पट तड़के सुबह चार बजे खोल दिए गए।

उन्होंने महाशिवरात्रि पर मंदिर आने वाले भक्तों से अपील करते हुए कहा कि जल चढ़ाने के लिए भक्त कम से कम पानी का उपयोग करें। गौरतलब है कि मंदिर में चल रहे जीर्णोद्धार कार्य को देखते हुए भक्तों को जल चढ़ाने की अनुमति नहीं थी। लेकिन शिवरात्रि को देखते हुए मंदिर कमेटी ने भक्तों को जल चढ़ाने की अनुमति दी है। मंदिर के अंदर और बाहर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है।

पीरखो मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर चार दिवसीय उत्सव शुक्रवार से ही शुरू हो चुका है। यहां हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव को जल चढ़ाने और दर्शन करने के लिए आते हैं। मंदिर के महंत पीर रविंदर नाथ ने कहा कि मंदिर में शुक्रवार रात से ही पूजा शुरू हो गई है जो सुबह तीन बजे तक चली। इसके बाद भक्तों के लिए मंदिर के भोर में खोल दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *