आगरा, संवाददाता : आगरा में एक महिला ने पति पर शराब के नशे में बेरहमी से पिटाई करने और बच्चों संग घर में बंद कर भागने का आरोप लगाया है। पुलिस ने ताला तोड़कर महिला और बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन पीड़िता का कहना है कि शिकायत के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
आगरा के थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के कृष्णा कुंज कॉलोनी में घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है। यहां की रहने वाली दीपमाला सिंह ने पति पर शराब के नशे में आए दिन पिटाई करने का आरोप लगाया है। बृहस्पतिवार की रात भी पति ने नशे में उनकी बेरहमी से पिटाई की। इसके बाद घर के बाहर ताला लगाकर भाग गया।
पति ने तोड़ दिया फोन ताकि…
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति ने उनका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया, जिससे वह किसी से संपर्क नहीं कर सकीं। किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर पहुंची टीम ने घर का ताला तोड़कर महिला और उसके बच्चों को बाहर निकाला।
सास, ससुर और जेठ पर भी गंभीर आरोप
विवाहिता का आरोप है कि उनके सास-ससुर, जेठ और देवर पति को शराब पिलाकर उनके खिलाफ भड़काते हैं। करीब दो माह पहले पति ने उनका गला दबाकर मारने की भी कोशिश की थी। पीड़िता के अनुसार वर्ष 2016 में उनका प्रेम विवाह हुआ था। पति घर खर्च के लिए पैसे भी नहीं देता, जिससे बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं हो पा रही है। वह कई दिनों से थाने के चक्कर काट रहीं हैं। लेकिन पुलिस कोई सुनवाई नहीं कर रही हैं। मामले में थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत मिली है, जांच की जा रही है।
