मथुरा, संवाददाता : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर शुक्रवार सुबह श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप ‘लाला’ के दर्शन और विशेष पूजन किया। ब्रज प्रवास के दूसरे दिन जन्मभूमि पहुंचे मुख्यमंत्री ने पूरे विधि-विधान और आस्था के साथ मुख्य गर्भगृह में पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की सुख-शांति और समृद्धि की मंगल कामना की। मुख्यमंत्री के रूप में श्रीकृष्ण जन्मभूमि का यह उनका 20वां दर्शन रहा। मंदिर परिसर में पहुंचने पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के पदाधिकारियों ने उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया। चांदी से सजे गर्भगृह में किए लाला के दर्शन जन्माष्टमी के विशेष पर्व पर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुख्य गर्भगृह की दीवारों को चांदी की परत से सजाया गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ काफी देर तक चांदी से सजे गर्भगृह की अलौकिक छटा और लाला के मनमोहक स्वरूप को भक्तिभाव से निहारते रहे। मुख्य गर्भगृह में दर्शन-पूजन के बाद उन्होंने परिसर में स्थित योगमाया मंदिर, केशवदेव मंदिर और भागवत भवन में भी दर्शन-पूजन किया। इस दौरान उन्होंने देश और प्रदेश में सुख-शांति, समृद्धि तथा लोकमंगल की कामना की। गोमाता का पूजन कर श्रद्धालुओं पर बरसाए फूल मंदिर में पूजन-अर्चन से पहले मुख्यमंत्री ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में गोमाता का विधिवत पूजन किया। इसके बाद उन्होंने परिसर में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और उन पर देर तक पुष्प वर्षा की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर देशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं। उज्जैन के कलाकारों का बढ़ाया उत्साह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जन्मभूमि परिसर में सांस्कृतिक प्रस्तुति दे रहे उज्जैन से आए कलाकारों के बीच भी पहुंचे। उन्होंने कलाकारों की प्रस्तुति देखकर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साथ फोटो भी खिंचवाईं। मुख्यमंत्री करीब 30 मिनट तक श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में रहे। सीएम योगी ने दी जन्माष्टमी की शुभकामनाएं श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ के माध्यम से देश और प्रदेशवासियों को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, “भक्ति, प्रेम एवं धर्म के शाश्वत आलोक, वासुदेव भगवान श्रीकृष्ण जी के पावन अवतरण दिवस ‘श्रीकृष्ण जन्माष्टमी’ की सभी प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं मंगलमय शुभकामनाएं। भक्तवत्सल भगवान श्रीकृष्ण की असीम कृपा से सभी के जीवन में प्रेम, करुणा, धर्म एवं निष्काम कर्म के आदर्श प्रतिष्ठित हों तथा चराचर जगत में सुख, शांति, समृद्धि व लोकमंगल का विस्तार हो, यही प्रार्थना है।” Post navigation हाथी ने कार को किया क्षतिग्रस्त, वन कर्मियों को करने पड़े हवाई फायर US OPEN: एलेना रायबाकिना और कोको गॉफ तीसरे राउंड में पहुंचीं