नई दिल्ली, स्पोर्ट्स डेस्क : हरमनप्रीत कौर और शेफाली वर्मा के अर्धशतकों के दम पर भारतीय महिला टीम ने जिंबाब्वे को तीसरे टी20 मैच में पटखनी दी। भारत ने सीरीज को भी 3-0 से अपने नाम कर लिया। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 216 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया था। हरमनप्रीत कौर ने मैच में शानदार बल्लेबाजी की और फॉर्म में वापसी की। उन्होंने नाबाद 91 रनों की पारी खेली और टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। उनके द्वारा बनाया गया ये स्कोर भारत के लिए टी20 में नंबर या उससे निचले क्रम के बल्लेबाज का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। पहले स्थान पर भी हरमनप्रीत कौर खुद हैं, जिन्होंने 2018 में 103 रनों की पारी खेली थी। शेफाली वर्मा ने ठोका अर्धशतक शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। शेफाली और अनुष्का शर्मा ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई। अनुष्का ने 20 गेंदों में 28 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद निकी प्रसाद नौ रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, लेकिन शेफाली का तूफान जारी रहा। उन्होंने महज 26 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उनकी पारी में छह चौके और पांच छक्के शामिल रहे। 14.4 ओवर में वह 69 रन के निजी स्कोर पर आउट हुईं। शेफाली के बाद पूर्व कप्तान हरमनप्रीत कौर ने मोर्चा संभाला। उन्होंने 25 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर जिंबाब्वे के गेंदबाजों पर दबाव बढ़ा दिया। हरमनप्रीत ने 10 चौके और पांच छक्के लगाए। अंतिम पांच ओवर में भारत ने 62 रन बटोरे। हरमनप्रीत 91 रन बनाकर नाबाद रहीं। जिंबाब्वे की ओर से बीलव्ड बिजा ने तीन विकेट लिए। भारत का 216 रन का स्कोर उसके सर्वश्रेष्ठ टी-20 अंतरराष्ट्रीय स्कोरों में चौथे स्थान पर है। शेफाली ने इस साल महिला टी20 में 50 छक्के पूरे कर लिए हैं। ऐसा करने वाली वे हरमनप्रीत कौर के बाद दूसरी खिलाड़ी बनी हैं। भारतीय गेंदबाजों को मिली शुरुआती सफलता 217 रनों के लक्ष्य की पीछा करने उतरी जिंबाब्वे की टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। भारतीय तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ ने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर मेहमान टीम को झटका दे दिया। उन्होंने केलिस न्धलोवु को गोल्डन डक पर पवेलियन का रास्ता दिखाया। उनके बाद अगले ही ओवर में नंदिनी शर्मा ने एक और झटका देते हुए मोडेस्टर मुपाचिकवा को एक रन के निजी स्कोर पर अपना शिकार बनाया। जिंबाब्वे ने 12 रनों पर ही दो विकेट गंवा दिए थे। शार्ने मेयर्स ने जड़ा अर्धशतक 12 रनों के स्कोर पर दो विकेट गंवाने के बाद मेयर्स ने पारी बिलव्ड बिजा के साथ मिलकर पारी को संभाला। उन्होंने तीसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की। इस दौरान बिजा ने अर्धशतक भी ठोक दिया। इस साझेदारी को निक्की प्रसाद ने बिजा को 60 रनों के स्कोर पर शेफाली वर्मा के हाथों कैच आउट कराकर तोड़ दिया। नंदिनी शर्मा ने झटके तीन विकेट भारत के लिए तेज गेंदबाज नंदिनी शर्मा ने कमाल की गेंदबाजी की। उन्होंने चार ओवर में 18 रन खर्च करते हुए तीन विकेट अपने नाम किए। क्रांति गौड़, अरुंधति रेड्डी, दीप्ति शर्मा और निक्की प्रसाद को भी एक-एक सफलता मिली। जिंबाब्वे की टीम 7 विकेट के नुकसान पर 124 रन ही बना सकी और उन्हें मैच में 92 रनों से हार का सामना करना पड़ा। भारत ने इसी के साथ सीरीज को 3-0 से अपने नाम कर लिया है। Post navigation कन्या भोज के लिए बुलाई गईं 7 बच्चियों से मारपीट, कपड़े उतरवाने का आरोप दिल्ली की रेस कोर्स मस्जिद को बेदखली नोटिस, ओवैसी ने रिजिजू से हस्तक्षेप की मांग की