ग्वालियर, संवाददाता : दीवाली पर कार्बाइड गन चलाकर जश्न मनाना भारी पड़ सकता है। ग्वालियर पुलिस ने इस बार ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की है। कार्बाइड गन का इस्तेमाल करने वालों पर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाएगी। पुलिस की नजर न केवल गन चलाने वालों पर, बल्कि इसकी बिक्री करने वाले दुकानदारों, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर वीडियो व रील साझा करने वालों पर भी रहेगी। इसके लिए जिले में 40 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत होगी कार्रवाईवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) धर्मवीर सिंह ने स्पष्ट किया है कि कार्बाइड गन के इस्तेमाल के मामलों में आर्म्स एक्ट और एक्सप्लोसिव एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य दीपावली के दौरान होने वाली दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। हादसों को देखते हुए शुरू किया विशेष अभियान एसएसपी ने बताया कि पिछले वर्षों में कार्बाइड गन के इस्तेमाल से कई गंभीर हादसे हो चुके हैं। इन घटनाओं में बच्चों की आंखों की रोशनी तक चली गई। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए मुख्यमंत्री के निर्देश पर विशेष निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी सिलसिले में क्राइम ब्रांच के अधिकारियों और डीएसपी के अधीन कर्मचारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। पटाखा, हार्डवेयर और वेल्डिंग दुकानों की जांचपुलिस की टीमें अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पटाखा दुकानों, हार्डवेयर प्रतिष्ठानों, फैब्रिकेशन व वेल्डिंग की दुकानों और रासायनिक पदार्थ बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच करेंगी। दुकानदारों से उपलब्ध सामग्री और उसकी बिक्री का रिकॉर्ड मांगा जाएगा। साथ ही प्रतिबंधित सामग्री की उपलब्धता और उसकी आपूर्ति के स्रोतों का पता लगाया जाएगा। ऑनलाइन बिक्री और गोदाम भी रडार परकार्बाइड गन की ऑनलाइन बिक्री रोकने के लिए पुलिस ई-कॉमर्स कंपनियों के प्रतिनिधियों से भी संपर्क करेगी। प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध ऐसी गन की सूची हटाने और अब तक इन्हें खरीदने वालों की जानकारी देने के निर्देश दिए जाएंगे। संबंधित गोदामों की जांच कर आपूर्ति की कड़ी का पता लगाने की भी तैयारी है। रील बनाई तो भी होगी जांचसोशल मीडिया पर कार्बाइड गन से जुड़े फोटो, वीडियो और रील साझा करने वालों पर भी पुलिस नजर रखेगी। एसएसपी के अनुसार, ऑपरेशन ईगल के तहत ऐसे मामलों की जांच कर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि कार्बाइड गन के इस्तेमाल या बिक्री की जानकारी मिलने पर पुलिस द्वारा जारी व्हाट्सएप नंबर पर सूचना दें और सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाएं। Post navigation रूस ने यूक्रेन की राजधानी कीव पर बैलिस्टिक मिसाइलों से किया हमला राजौरी में मिला ‘PIA’ लिखा पाकिस्तानी गुब्बारा, जांच शुरू