rajauri-news

Rajouri में मिला ‘PIA’ लिखा पाकिस्तानी गुब्बारा, सुरक्षाबलों ने शुरू की जांच

राजौरी, संवाददाता : जम्मू-कश्मीर के सीमावर्ती जिले राजौरी के दरहाल क्षेत्र में सुरक्षाबलों को नियमित गश्त के दौरान पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पी.आई.ए.) के नाम वाला एक गुब्बारा मिला। सफेद और पीले रंग का यह गुब्बारा हवाई जहाज के आकार का था। गुब्बारे पर अंग्रेजी में ‘पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA)’ लिखा हुआ था।

जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की एक टीम दरहाल के बाली वाली ढोक क्षेत्र में नियमित गश्त कर रही थी। इसी दौरान टीम को यह गुब्बारा दिखाई दिया। सुरक्षाबलों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गुब्बारे को अपने कब्जे में ले लिया, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

हालांकि, गुब्बारे के स्रोत और इसके दरहाल क्षेत्र तक पहुंचने के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। सुरक्षाबलों द्वारा गुब्बारे को आगे के निस्तारण के लिए अपने कब्जे में लिया गया है।