bengaluru-news

बेंगलुरु, ब्यूरो : Bengaluru News : शहर के सोनेहल्ली सर्कल के पास उस वक्त अफरातफरी मच गई तब वहां पर बम होने की सूचना मिली। सोनेहल्ली सर्कल के पास एक फुटपाथ से सटे खाली प्लॉट पर शनिवार को एक संदिग्ध वस्तु मिली। लोगों ने इसमें बम होने की आशंका जताई।

संदेह होने पर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि बम की जानकारी मिलते ही बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) को तुरंत मौके पर भेजा गया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही लोगों में दशहत फैल गई। यह घटना ज्ञानभारती पुलिस थाना क्षेत्र में हुई।

संदिग्ध वस्तु देखने में बम जैसी

लोगों ने बताया कि ये देखने में बम जैसी लग रही थी। इसलिए संदिग्ध वस्तु को देखने के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। जांच करने पर स्क्वॉड ने राहत की सांस ली। टीम ने उससे किसी प्रकार का खतरा नहीं पाया। उसमें प्लास्टिक की एक खाली ट्यूब जैसी संरचना थी जो देखने में बम जैसी लग रही थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि बाद में टीम ने उसे नष्ट कर दिया।

पुलिस की अपील-घबराने की जरूरत नहीं
बेंगलुरु सिटी पुलिस कमिश्नर सीमांत कुमार सिंह ने कहा कि घबराने की कोई बात नहीं है। जांच में यह एक साधारण सी चीज मिली, जिसमें कोई बैटरी वगैरह नहीं लगी थी। उन्होंने अंदेशा जताया कि हो सकता है कि इसका इस्तेमाल किसी खदान में किया गया हो।

लोगो में दहशत फैलाने की कोशिश
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम डिवीजन) एस. के. सौम्यालता ने कहा कि ऐसा लगता है कि यह घटना लोगों के बीच दहशत फैलाने की कोशिश थी। उन्होंने कहा कि उसे खत्म कर दिया गया है। इससे अब किसी प्रकार का खतरा नहीं नहीं। जांच में यह खाली पाई गई थी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी को जांच कर रही है। वहीं मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है ताकि ये पता लगाया जा सके कि उस सामान को यहां किसने रखा।