US-Diwali-celebrations-

वाशिंगटन, डिजिटल डेस्क : अमेरिका में दिवाली उत्सव को लेकर काफी उत्साह है। व्हाइट हाउस में दिवाली समारोह का आयोजन होने वाला है, जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी शामिल होंगे। यह ओवल आफिस में आयोजित किया जाएगा, जो राष्ट्रपति जार्ज डब्ल्यू. बुश द्वारा शुरू की गई परंपरा को आगे बढ़ाएगा।

अमेरिका के पैसिफिक नार्थवेस्ट क्षेत्र के पांच राज्यों के गवर्नरों और 20 से अधिक मेयरों ने पहली बार राज्य की राजधानियों और सिटी हाल में दिवाली समारोह आयोजित किए। इनमें इडाहो, नेब्रास्का, मोंटाना, नार्थ डकोटा और वाशिंगटन के गवर्नर शामिल हैं।

यह आयोजन सिएटल में भारत के महावाणिज्य दूतावास के साथ मिलकर किया गया। इनमें अमेरिकी सीनेटरों, कांग्रेस सदस्यों, मेयरों और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के लोगों ने हिस्सा लिया।

वाशिंगटन राज्य के 22 शहरों में सिटी काउंसिल चैंबरों के भीतर दिवाली समारोह आयोजित किए गए, जहां मेयरों और काउंसिल सदस्यों ने दीप जलाए। कई राज्यों और शहरों ने आधिकारिक घोषणाएं जारी करके दिवाली और भारतीय-अमेरिकी समुदाय के योगदान को मान्यता दी।

ये समारोह अक्टूबर के मध्य में शुरू हुए थे और 10 नवंबर को ओरेगन के गवर्नर द्वारा सलेम के स्टेट कैपिटल में आयोजित एक राज्य-स्तरीय कार्यक्रम के साथ संपन्न होंगे। इसके अलावा, सिएटल सिटी हाल और किंग काउंटी काउंसिल में भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।