californiya-news

वाशिंगटन, डिजिटल डेस्क : कैलिफोर्निया के सैन जोस में एक्सप्रेसवे पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक छोटा विमान बेहद कम ऊंचाई पर उड़ते हुए सीधे सड़क पर आ गिरा।

ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक कार के डैशकैम में कैद हुए इस खौफनाक हादसे में विमान का पंख स्ट्रीट लाइट के खंभे से टकराकर विमान औंधे मुंह सड़क पर गिर गया। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार दो वयस्कों और एक बच्चे सहित सभी यात्री इस भीषण दुर्घटना में बाल-बाल बच गए।

खंभे से पंख टकरा ने से औंधे मुंह सड़क पर गिरा विमान

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो फुटेज के अनुसार, यह हादसा शनिवार को सैन जोस के कैपिटोल एक्सप्रेसवे और एक्सकैलिबर ड्राइव के चौराहे के पास हुआ। एक छोटा प्रोपेलर विमान अप्रत्याशित रूप से काफी नीचे और तीखे कोण पर उड़ता हुआ दिखाई दिया।

सड़क के किनारे से गुजरते समय विमान का एक पंख वहां लगे स्ट्रीट लाइट के खंभे से जोरदार तरीके से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि विमान का पंख तुरंत टूट गया, जिससे विमान अनियंत्रित हो गया।

इसके बाद विमान सीधे आगे की ओर झुका और नाक के बल पक्की सड़क पर जा गिरा। घटनास्थल से सामने आई तस्वीरों में विमान का अगला हिस्सा बुरी तरह कुचला और मुड़ा हुआ नजर आ रहा है।

कैसे बचीं तीन जानें ?

सैन जोस अग्निशमन विभाग के अनुसार, विमान में दो बड़े और एक बच्चा सवार थे। हादसे की गंभीरता को देखते हुए एहतियात के तौर पर तीनों को तुरंत पास के एक स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पुष्टि की कि किसी को भी जानलेवा चोट नहीं आई है।

अधिकारियों ने बताया कि व्यस्त सड़क होने के बावजूद कोई अन्य वाहन इस दुर्घटना की चपेट में नहीं आया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। टक्कर के बाद सड़क पर थोड़ा ईंधन जरूर गिरा था, जिसे सुरक्षाकर्मियों ने समय रहते साफ कर दिया।

सैन जोस में 24 घंटे के भीतर दूसरा विमान हादसा

उल्लेखनीय है कि सैन जोस में दो दिनों के भीतर यह दूसरा विमान हादसा था। इससे ठीक एक दिन पहले, शुक्रवार को रीड-हिलव्यू हवाई अड्डे पर लैंडिंग के दौरान एक अन्य छोटा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

सैन जोस अग्निशमन विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी थी कि लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी आने के कारण विमान को क्रैश-लैंडिंग करनी पड़ी थी।

उस हादसे में भी विमान में सवार दोनों व्यक्ति सुरक्षित बच गए थे और खुद बाहर निकल आए थे, तथा किसी प्रकार के ईंधन का रिसाव नहीं हुआ था।