Himachal : हिमपात से रोहतांग दर्रा हुआ बंद, सीजन का पहला हिमपात

HIMACHAL-NEWS (4)

शिमला, संवाददाता : हिमाचल प्रदेश के उच्च पर्वतीय भागों में बर्फ की सफेद चादर ओढ़ ली है। रोहतांग सहित कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा, कांगड़ा, शिमला, मंडी व सिरमौर जिले की ऊंची चोटियां बर्फ से सफेद हो गई हैं। वहीं, अन्य क्षेत्रों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है। राज्य में बारिश बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। कल्पा में न्यूनतम तापमान गिरकर 3.0 और केलांग में 1.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

सोमवार को मौसम विभाग के येलो अलर्ट के बीच प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी व अन्य में बारिश होने से शीतलहर बढ़ गई है। प्रदेश की राजधानी शिमला में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से आज प्रदेश में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना है। मंगलवार को भी अधिकतर भागों में बारिश व चोटियों पर बर्फबारी की संभावना है। राज्य में 18 अक्तूबर तक मौसम खराब रहने की संभावना है। 19 से मौसम साफ होने के आसार हैं।

मढ़ी में भी इस सीजन की पहली बर्फबारी

मनाली के मुख्य पर्यटन स्थल रोहतांग दर्रा में भी बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पर्यटन स्थल मढ़ी में भी इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। ऊंचे इलाकों में हो रही बर्फबारी से मनाली में पर्यटन कारोबार में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। बर्फबारी के कारण फिलहाल रोहतांग दर्रा पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है। पर्यटकों को मढ़ी तक जाने दिया जा रहा है।

उधर, अटल टनल में भी बर्फबारी हुई। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल अटल टनल में भी सीजन का पहला हिमपात है। इसके कारण सोलंगनाला से आगे दो पहिया वाहनों की आवाजाही पर पुलिस ने रोक लगा दी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पर्यटक मढ़ी तक जा रहे हैं। रोहतांग दर्रा बर्फबारी के कारण फिलहाल पर्यटकों के लिए बंद कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *