aajam-khan

रामपुर, संवाददाता : इलाहाबाद हाईकोर्ट ने गुरुवार को दो पैन कार्ड मामले में आजम खान और अब्दुल्ला आजम की सजा पर रोक लगाते हुए जमानत मंजूर की थी। शुक्रवार को एमपी-एमएलए मजिस्ट्रेट कोर्ट में हाईकोर्ट का आदेश दाखिल कर जमानत की शर्तें पूरी की गईं। रिहाई परवाने जारी होने के बाद जैसे ही शनिवार शाम दोनों जेल से बाहर आए, ईडी ने आजम खान को हिरासत में ले लिया। 

अब्दुल्ला आजम के दो पैनकार्ड मामले में जमानत मिलने पर शनिवार शाम जेल से बाहर आए सपा नेता आजम खां को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने हिरासत में ले लिया। रिहाई जानकारी मिलते ही ईडी की टीम पहले से गेट पर मौजूद थी। आजम के जेल से बाहर कदम रखते ही टीम अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ ले गई। वहीं, उनके बेटे अब्दुल्ला आजम को जेल से रिहाई मिल गई। रामपुर के एएसपी अनिल सिंह सिसोदिया ने बताया कि ईडी की टीम आजम को हिरासत में लेकर गाजियाबाद मुख्यालय पूछताछ के लिए ले गई है।

जेल से बाहर आते ही छलका दर्द
जेल से बाहर आते ही आजम खान ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब कहने को बचा ही क्या है? मैं क्या कहूं? कानून का वजूद खत्म हो चुका है। क्या यह एक मुसलमान होने की सजा है? हमारी गलती यह थी कि एक मुसलमान ने यूनिवर्सिटी बनाई। यही हमारा गुनाह है। हमने बच्चों के लिए स्कूल बनाए। क्या यह हमारा गुनाह है?”

समर्थकों ने किया हंगामा

आजम खां के 11 महीने 14 दिन बाद जेल से रिहाई के संकेत देख बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता दोपहर से ही कारागार के बाहर जुट गए थे। आजम खां को ईडी की टीम द्वारा घेरते ही उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। ईडी विरोधी नारे लगाए।

13 अक्तूबर को ईडी ने दर्ज किया था ताजा मामला
दो पैनकार्ड मामले में जिला स्तरीय अदालत से आजम खां और अब्दुल्ला आजम को सात-सात साल की सजा सुनाए जाने के बाद 17 नवंबर 2025 को जेल भेजा गया था। ईडी की ओर से 13 अक्तूबर को जौहर यूनिवर्सिटी के निर्माण में सरकारी धन के इस्तेमाल समेत कुछ अन्य आरोपों में अजीमनगर थाने में आजम खां के खिलाफ ताजा मामला दर्ज कराया था।

29 अक्तूबरो को मिली थी जमानत
दो पैनकार्ड मामले में आजम खां और अब्दुल्ला आजम को हाईकोर्ट से 29 अक्तूबर को जमानत मिल गई थी। शुक्रवार को कोर्ट से रिहाई का परवाना जारी होने के बाद उनके जेल से छूटने के आसार नजर आने लगे थे। आजम से जुड़े कुछ अन्य मामलों में परवाने बाकी होने से रिहाई में रोड़ा अटकने की संभावना भी जताई जा रही थी। इस बीच आजम खां के अधिवक्ता ने तेजी पकड़ते हुए शनिवार को उनसे जुड़े अन्य मामलों में भी परवाने जारी करा लिए। इस जानकारी के साथ ही शनिवार दोपहर से आजम समर्थकों और सपाइयों की भीड़ जेल पर जुटने लगी

ईडी अधिकारियों संग हुई आजम की बहस

आजम-अब्दुल्ला की रिहाई तय मानकर खुशी से झूम रहे सपाइयों के चेहरे शाम 6.15 बजे जेल के गेट पर ईडी की टीम देखते ही फक पड़ गए। ईडी की टीम के साथ बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बल के जवान भी थे। शाम सात बजे सपा नेता आजम खां के जेल से बाहर आते ही ईडी की टीम ने उन्हें घेर लिया। एक आदेश दिखाया, जिस पर आजम खां से कुछ सेकंड की बहस हुई लेकिन इसके बाद भी टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। कड़ी सुरक्षा के बीच ईडी की टीम उन्हें साथ ले गई। इससे उनके समर्थकों में मायूसी छा गई। काफी देर असमंजस में रहे आजम समर्थकों और सपाइयों ने कुछ देर बाद जेल से बाहर आए अब्दुल्ला आजम का स्वागत किया। इस बीच ईडी के खिलाफ नारे भी लगाए।