agra-news

आगरा, संवाददाता : आगरा के शमसाबाद स्थित विद्युत उपखंड कार्यालय पर तैनात अवर अभियंता विनेश यादव एवं निविदाकर्मी लोकेन्द्र सिंह को विजिलेंस ने 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया। कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया।

एसपी विजिलेंस राजकुमार ने बताया कि हाल ही में विभाग ने सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए पोस्टर चस्पा किए थे। इस पर विजिलेंस का नंबर था। लोगों से अपील की गई थी कि अगर कोई रिश्वत की मांग करता है तो आप शिकायत दर्ज कर सकते हैं। इस पर टीम कार्रवाई करेगी। इसी क्रम में शिकायतकर्ता अर्जुन पुत्र रामसेवक ने विजिलेंस में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने मोहल्ला टोला, शमसाबाद में नया मकान बनाया था। इस पर नए विद्युत कनेक्शन के लिए 24 अक्तूबर को आवेदन किया था। उक्त नए विद्युत कनेक्शन के संबंध में विद्युत उपखंड शमसाबाद के कर्मचारियों द्वारा मौके पर जाकर निरीक्षण किया जा चुका था। कर्मचारियों ने जेई (अवर अभियंता) विनेश यादव से संपर्क के लिए कहा था।

शिकायतकर्ता अर्जुन ने उपखंड शमसाबाद जाकर जेई विनेश यादव से संपर्क किया तो आरोप है कि विद्युत कनेक्शन पास करने के लिए 10 हजार की रिश्वत की मांग की गई। शिकायतकर्ता ने सतर्कता अधिष्ठान आगरा सेक्टर से लिखित शिकायत की, जिसकी गोपनीय जांच में आरोप सही पाये जाने के बाद सोमवार को सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने जेई विनेश यादव व निविदाकर्मी लोकेन्द्र सिंह को कार्यालय में अर्जुन से रिश्वत के रुपये 10 हजार रुपये लते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। दोनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

लोगों से अपील, करें शिकायत

एसपी विजिलेंस ने बताया कि भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए लोगों से अपील की गयी है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी / कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है तो तत्काल उनसे संपर्क करें, जिसका हेल्प लाइन नं- 9454401864, 9454404853 एवं सतर्कता मुख्यालय का हेल्प लाइन नं-9454401866 है।