गोवा, संवाददाता : गोवा स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से आने वाले मरीजों के लिए भी आयुर्वेदिक उपचार का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। यहां उपलब्ध पंचकर्म चिकित्सा पद्धति के जरिए न्यूरोलॉजिकल, त्वचा, हड्डी और मांसपेशियों से जुड़ी बीमारियों के उपचार में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
पंचकर्म आयुर्वेद की वैज्ञानिक और विस्तृत पद्धति
डीडी न्यूज़ से बातचीत में पंचकर्म विभाग के प्रमुख डॉ. प्रवीण ने बताया कि पंचकर्म आयुर्वेद की एक विस्तृत और वैज्ञानिक चिकित्सा पद्धति है, जिसमें उपचार के पांच प्रमुख तरीके शामिल होते हैं। उन्होंने कहा, “पंचकर्म के अंतर्गत 100 से अधिक प्रकार की प्रक्रियाएं हैं। मरीज की बीमारी और शारीरिक प्रकृति के अनुसार उपचार तय किया जाता है। हमारे यहां न्यूरोलॉजिकल विकारों से पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में आते हैं। इसके अलावा हड्डी, मांसपेशी रोग और मधुमेह के मरीजों का भी पंचकर्म के जरिए उपचार किया जा रहा है।”
विदेशी मरीजों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा AIIA
डॉ. प्रवीण ने बताया कि AIIA गोवा विदेशी मरीजों के बीच भी तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। उन्होंने कहा, “विदेशी मरीज मुख्य रूप से न्यूरोलॉजिकल और त्वचा संबंधी रोगों के उपचार के लिए यहां आते हैं। मस्कुलोस्केलेटल समस्याओं में भी पंचकर्म से अच्छे परिणाम मिल रहे हैं। रूस, ब्रिटेन और अमेरिका से बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए AIIA गोवा पहुंच रहे हैं।”
OPD और IPD में बड़ी संख्या में मरीजों का उपचार
संस्थान की उपचार क्षमता के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. प्रवीण ने बताया कि “OPD में प्रतिदिन करीब 900 से 1000 मरीजों का इलाज किया जाता है। वर्तमान में 150 बेड की IPD सुविधा उपलब्ध है, जिसमें 70 से 80% तक बेड हर समय भरे रहते हैं। पंचकर्म उपचार के तहत रोजाना 100 से 150 मरीजों का इलाज किया जा रहा है।”
रूस की नतालिया को पंचकर्म से मिली राहत
AIIA गोवा में उपचार का लाभ उठाने वालों में रूस की 63 वर्षीय नतालिया भी शामिल हैं। पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर नतालिया पिछले आठ वर्षों से जोड़ों के दर्द, कमर दर्द और ऑप्टिक एट्रोफी जैसी समस्याओं से पीड़ित हैं। वर्तमान में वह डॉ. प्रवीण और डॉ. चिंतामणि की देखरेख में उपचार करा रही हैं। नतालिया ने कहा, “पिछले वर्षों की तुलना में अब मेरी स्थिति बेहतर है। पंचकर्म और अन्य आयुर्वेदिक दवाओं से मुझे काफी राहत मिली है और इलाज का सकारात्मक असर दिख रहा है।”
आधुनिक सुविधाओं के साथ पारंपरिक आयुर्वेद का संगम
AIIA गोवा में आयुर्वेद की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों और आधुनिक सुविधाओं के समन्वय से न केवल देश में, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारतीय आयुर्वेद की साख मजबूत हो रही है।
