बंगाल की खाड़ी में बना दबाव रेमल तूफान में बदला, गर्मी से मिलेगी राहत

WEATHER-UPDATE

भोपाल, संवाददाता : गुजरात व् राजस्थान की तरफ से आ रही गर्म हवाओं से मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। इसी क्रम में प्रदेश में सबसे अधिक 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान खरगोन एवं खंडवा में दर्ज किया गया। खंडवा, खरगोन के अलावा रतलाम एवं राजगढ़ में लू चली।

आज हवाएं और बूंदाबांदी के आसार
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी में बना दबाव का क्षेत्र तूफान रेमल में बदल गया है। इसके प्रभाव से ऊपर के स्तर पर हवाओं का रुख पूर्वी होने लगा है। इससे भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही आज प्रदेश में कहीं-कहीं तेज रफ्तार से हवाएं चलने के साथ बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।

विदर्भ पर बना हुआ है चक्रवात

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ अफगानिस्तान और उससे लगे पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान पर हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है। इस चक्रवात से लेकर मध्य प्रदेश से होकर पूर्वी विदर्भ तक एक द्रोणिका बनी हुई है। इसके अतिरिक्त विदर्भ पर भी हवा के ऊपरी भाग में एक चक्रवात बना हुआ है।

भीषण गर्मी से मिलेगी राहत
मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने कहा कि राजस्थान की तरफ से लगातार आ रही गर्म हवाओं के कारण प्रदेश में भीषण गर्मी पड़ रही है। कुछ शहर लू की चपेट में हैं। उधर, मध्य प्रदेश से होकर द्रोणिका के गुजरने से कुछ नमी भी आ रही है, जिसके चलते आंशिक बादल बने हुए हैं। हवा का रुख भी ऊपर के स्तर पर पूर्वी होने लगा है। इस वजह से भीषण गर्मी से मामूली राहत मिलने की संभावना है।

तेज होगा तूफान
वर्तमान में बंगाल की खाड़ी में एक अवदाब का क्षेत्र शनिवार को तूफान रेमल बन गया है। उत्तर-पूर्वी दिशा में आगे बढ़ते हुए रविवार-सोमवार की दरमियानी रात यह तूफान और तीव्र होने के बाद गंगासागर एवं बांग्लादेश के मध्य में तट से टकरा सकता है। तूफान के असर से हवाओं का रुख बदलने लगा है। इससे प्रदेश में भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की भी उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *