Mumbai में भारी बारिश के चलते स्कूल-कॉलेज बंद

mumbai-news

मुंबई, संवाददाता : महाराष्ट्र के कई शहरों में भारी बारिश के कारण हालात चिंताजनक हैं। सड़कों पर जलभराव के कारण जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पुणे और पिंपरी चिंचवड़ में स्कूल-कॉलेज बंद रखने का फैसला लिया गया है। मुंबई पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम विभाग की तरफ से जारी चेतावनी को गंभीरता से लेने की अपील की है। रेलवे परिचालन भी प्रभावित हुआ है।

मौसम विभाग के मुताबिक महाराष्ट्र के रायगड, रत्नागिरी के अलावा कोंकण और गोवा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम, पूर्वी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, मराठवाड़ा, तटीय कर्नाटक, बिहार में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। रायलसीमा, गुजरात क्षेत्र, छत्तीसगढ़, पश्चिम मध्य प्रदेश, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र , कर्नाटक के कुछ हिस्सों और तेलंगाना में अलग-अलग स्थानों पर भी भारी बारिश के आसार हैं।

खराब मौसम के कारण मुंबई में ही एक हादसे में महिला की मौत की खबर भी सामने आई। अंधेरी के MIDC इलाके में खुले नाले में 45 वर्षीय महिला विमल गायकवाड़ डूब गई। बृह्नमुंबई महानगरपालिका (BMC) के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई फायर ब्रिगेड ने उसे बचाया और कूपर अस्पताल भेजा, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

रेलवे परिचालन बाधित, ट्रेनों की अधिकतम गति पर अंकुश

मूसलाधार बारिश के कारण गोवंडी-मानखुर्द के बीच चलने वाली मुंबई लोकल ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हुआ। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) ने बताया कि पटरियों पर पानी कम होने के बाद हार्बर लाइन की लोकल ट्रेनें रात 11.23 बजे सेवाएं फिर से शुरू हुईं। उन्होंने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए ट्रेनें सावधानी के साथ चलाई जा रही हैं। गति को अधिकतम 25 किमी प्रति घंटा तक सीमित रखा गया है।

बुधवार को मुंबई में हुई मूसलाधार बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव और ट्रैफिक जाम देखा गया। रात करीब 11.30 बजे मुंब्रा बाईपास पर भूस्खलन हुआ। मुंबई के कुर्ला ईस्ट, नेहरू नगर, चेंबूर में भी जलभराव की तस्वीरें सामने आईं। कुर्ला पुल पर भी गाड़ियां रेंगती रहीं। अग्निशमन विभाग के अधिकारी स्वप्निल सरनोबत ने बताया कि ट्रैफिक जाम के कारण लोग करीब 3 घंटे तक हलकान हुए। मुंबई पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *