नई दिल्ली, डिजिटल डेस्क : गैर-पंजीकृत उद्यम क्षेत्र में रोजगार 2025 में 6.18 प्रतिशत बढ़कर 12.80 करोड़ हो गया। इस अवधि के दौरान 74.52 लाख से अधिक नए रोजगार सृजित हुए।
मंगलवार को जारी गैर-पंजीकृत क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई), 2025 के अनुसार, अक्टूबर, 2023 से सितंबर, 2024 के दौरान इस क्षेत्र में श्रमिकों की संख्या 12,05,99,800 थी जो 2025 में बढ़कर 12,80,51,800 हो गई।
सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (एमओएसपीआइ) ने जनवरी, 2025 से दिसंबर, 2025 की अवधि के लिए गैर-पंजीकृत क्षेत्र उद्यमों के वार्षिक सर्वेक्षण के परिणाम जारी किए हैं।
इस क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की कुल संख्या 7.97 प्रतिशत बढ़कर 2025 (जनवरी 2025-दिसंबर 2025) में 7.92 करोड़ हो गई जो 2023-24 (अक्टूबर 2023-सितंबर 2024) में 7.34 करोड़ थी।
सर्वेक्षण के अनुसार, ‘अन्य सेवाएं’ क्षेत्र में प्रतिष्ठानों की संख्या में 10.29 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हुई है। इसके बाद मैन्यूफैक्च¨रग क्षेत्र में 6.48 प्रतिशत और व्यापार क्षेत्र में 6.18 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
यह वृद्धि विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक विस्तार को बताती है। इसी अवधि के दौरान, आर्थिक प्रदर्शन के एक प्रमुख संकेतक सकल मूल्य वर्धन (जीवीए) में 10.87 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसका मुख्य कारण व्यापार क्षेत्र में 16.77 प्रतिशत की वृद्धि, विनिर्माण क्षेत्र में 8.52 प्रतिशत की वृद्धि और अन्य सेवा क्षेत्रों में 7.36 प्रतिशत की वृद्धि थी।
श्रम बाजार के बारे में रिपोर्ट में कहा गया है कि जनवरी-दिसंबर, 2025 के दौरान इस क्षेत्र में लगभग 12.81 करोड़ श्रमिक कार्यरत थे, जो 2023-24 (अक्टूबर 2023-सितंबर 2024) की तुलना में 74.52 लाख अधिक हैं। यह श्रम बाजार के मजबूत विस्तार को दर्शाता है।
