indonesia-news

नई दिल्ली, एजेंसी : भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इंडोनेशिया की सफल यात्रा संपन्न कर ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हुए। लौटते वक्त भी उन्हें सम्मान स्वरूप एक दो नहीं बल्कि 5 फाइटर जेट्स ने एस्कॉर्ट किया।

इससे पहले इंडोनेशिया पहुंचने से पहले भी लड़ाकू विमानों ने उनका इसी अंदाज में स्वागत किया था। लैंडिंग से पहले इंडोनेशियाई वायुसेना के फाइटर जेट्स ने पीएम मोदी के विमान को एस्कॉर्ट किया। यह सम्मान विशेष राजकीय स्वागत का हिस्सा माना जाता है। इसके बाद, जकार्ता हवाई अड्डे पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने खुद मौजूद रहकर पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया था।

वहीं आज बुधवार को विदाई भी उसी सम्मान के साथ संपन्न हुई। एक बार फिर इंडोनेशियाई राष्ट्रपति ससम्मान उन्हें विदा करने पहुंचे। गले मिलकर उन्होंने पीएम मोदी को विदा किया। यात्रा की समाप्ति पर पीएम मोदी ने संतोष व्यक्त किया। इंडोनेशिया की अपनी यात्रा के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि दोनों देशों की साझेदारी के भविष्य को लेकर हासिल हुए परिणामों से उन्हें बेहद संतोष है।

एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा

सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “इंडोनेशिया की अपनी यात्रा पूरी करते हुए, मैं हमारी साझेदारी के भविष्य को लेकर मिले नतीजों से बहुत संतुष्ट हूं। मैं इंडोनेशिया के लोगों और राष्ट्रपति प्राबोवो सुबियांतो का दिल से शुक्रिया अदा करता हूं; उन्होंने बहुत गर्मजोशी दिखाई और भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए व्यक्तिगत तौर पर प्रतिबद्धता दिखाई।”

पीएम मोदी ने कहा कि इस दौरे ने रक्षा और सुरक्षा, समुद्री सहयोग, अहम और उभरती हुई तकनीकों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल इनोवेशन और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते खोले हैं।

उन्होंने इंडोनेशिया के लोगों और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो का गर्मजोशी भरे स्वागत और भारत-इंडोनेशिया संबंधों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए उनके व्यक्तिगत प्रयासों के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। तीसरे और आखिरी दिन पीएम मोदी ने योग्याकार्ता स्थित एक हजार साल पुराने प्रम्बानन मंदिर में पूजा-अर्चना की। विशेष सम्मान के तौर पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी उनके साथ मंदिर परिसर पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की ओर से मंदिर परिसर के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन परियोजना की शुरुआत का प्रतीकात्मक पट्टिका का अनावरण किया।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा भारत और इंडोनेशिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने के लिहाज से महत्वपूर्ण रहा। 6 से 11 जुलाई 2026 तक तीन देशों की यात्रा का पहले चरण इंडोनेशिया था, जो आज समाप्त हुआ, इसके बाद अब पीएम मोदी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की यात्रा पर रहेंगे।